Friday, August 28, 2026
HomeIndiaRFC के मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों में ₹2,370.00 लाख के ऋण आवेदन,...

RFC के मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों में ₹2,370.00 लाख के ऋण आवेदन, उद्यमियों ने दिखाई रुचि

राजस्थान। राजस्थान वित्त निगम (RFC) द्वारा उद्यमियों को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन और त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उदयपुर, पाली और सिरोही में आयोजित मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों को उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। तीनों जिलों में आयोजित शिविरों के दौरान कुल राशि ₹2,370.00 लाख के ऋण आवेदन प्राप्त हुए, जिससे राजस्थान वित्त निगम की योजनाओं के प्रति उद्यमियों का बढ़ता विश्वास साफ दिखाई दिया।

निगम के अनुसार, उदयपुर से ₹970.00 लाख, पाली से ₹650.00 लाख तथा सिरोही से ₹750.00 लाख के ऋण आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में बड़ी संख्या में नए और स्थापित उद्यमियों ने भाग लिया तथा विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही मौके पर ही ऋण आवेदन तैयार कर आवेदन प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया गया। राजस्थान वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक डॉ. हरसहाय मीणा ने कहा कि निगम उद्योग, होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स और अन्य सेवा क्षेत्र की इकाइयों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रहा है।

इसके साथ ही विभिन्न विशेष ऋण योजनाओं का संचालन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रीको द्वारा आवंटित भूमि पर स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों को भी ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र उद्यमियों को मात्र 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर ₹200 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उनका कहना था कि राजस्थान वित्त निगम का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता देना नहीं, बल्कि एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाकर राज्य में औद्योगिक विकास को गति देना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना भी है।

डॉ. हरसहाय मीणा ने उद्यमियों से निगम की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि निगम लगातार एनपीए में कमी लाने और संस्था को अधिक सुदृढ़ एवं सक्षम बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। शिविरों में राजस्थान वित्त निगम मुख्यालय के महाप्रबंधक पंकज पुरोहित, उपमहाप्रबंधक रविंद्र सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला उद्योग केंद्र, रीको, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों ने भी भाग लिया।

उदयपुर में शाखा प्रबंधक मनोज टोडवाल, पाली में शाखा प्रबंधक सलिल मित्र और सिरोही में शाखा प्रबंधक दामिनी गर्ग सहित संबंधित अधिकारियों ने उद्यमियों को योजनाओं की जानकारी दी। राजस्थान वित्त निगम का मानना है कि ₹2,370.00 लाख के प्राप्त ऋण आवेदन इस बात का प्रमाण हैं कि निगम की वित्तीय योजनाओं के प्रति उद्यमियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। भविष्य में भी ऐसे मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविरों के माध्यम से उद्यमियों को त्वरित ऋण सुविधा, वित्तीय सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image