Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। शनिवार से नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने के बाद पूरे प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इसका असर सभी जिलों में देखने को मिलेगा।
आज 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
जयपुर। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज 28 मार्च को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले तीन दिनों तक राज्यभर में बादल छाने, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे में मौसम रहा साफ
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में दिनभर तेज धूप रही, जिससे हल्की गर्मी का असर देखने को मिला। शुक्रवार को कोटा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
किसानों के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसलों और खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रख लें। बारिश और ओलों से फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
अप्रैल के पहले सप्ताह में भी गर्मी रहेगी कंट्रोल
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 1 अप्रैल तक प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद भी अप्रैल के पहले सप्ताह में लगातार नए वेदर सिस्टम एक्टिव हो सकते हैं। इन सिस्टम के असर से तापमान सामान्य या उससे नीचे रहने की संभावना है, जिससे फिलहाल तेज गर्मी से राहत मिल सकती है।



