जयपुर। राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “महामूर्ख” और “भ्रष्टाचारी” करार दिया। उन्होंने कहा कि डोटासरा खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हुए हैं और अपनी छवि बचाने के लिए दूसरे नेताओं पर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान दिलावर ने मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का बचाव करते हुए कहा कि उन पर लगाए गए आरोपों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी रहा है और वे सोने की तरह खरे व्यक्ति हैं।शिक्षा मंत्री ने डोटासरा की आलोचना करते हुए कहा कि समझदार व्यक्ति इस तरह की बयानबाजी नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार राजनीतिक लाभ के लिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। दिलावर ने कहा कि डोटासरा का रवैया ऐसा है जैसे कोई चरित्रहीन व्यक्ति किसी पतिव्रता महिला पर आरोप लगाए।
दिलावर ने कहा कि डोटासरा भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं और जनता का ध्यान अपने मामलों से हटाने के लिए दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि किरोड़ी लाल मीणा के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप टिक नहीं पाएंगे।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग आज खुद को बेगुनाह बता रहे हैं, उन्हें भी जांच का सामना करना पड़ेगा। उदाहरण देते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता महेश जोशी का नाम लिया और कहा कि वे भी पहले खुद को निर्दोष बताते थे, लेकिन बाद में उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ा।राजनीतिक गलियारों में दिलावर के इस बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी देखने को मिल सकती है।



