Friday, November 13, 2026
HomeCrime Newsजयपुर-दिल्ली हाईवे पर बेकाबू ट्रॉले का तांडव, पांच वाहनों को मारी टक्कर;...

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बेकाबू ट्रॉले का तांडव, पांच वाहनों को मारी टक्कर; दो लोगों की मौत, तीन घायल

राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे के गेट के सामने एक बेकाबू ट्रॉले ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉला चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार व्यक्ति अंदर ही फंस गया।

पैदल जा रहे युवक को कुचला, कार सवार की भी मौत
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। ट्रॉला दौलतपुरा टोल की ओर से होते हुए अजमेर रोड की तरफ जा रहा था। रोड नंबर-14 पर सर्विस लाइन में पहुंचने के बाद ट्रॉले ने तीन चारपहिया और दो दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान टू-व्हीलर ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने पैदल जा रहा एक युवक ट्रॉले के पहिए के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रॉले की टक्कर से एक कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार व्यक्ति उसमें फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

स्कूटी सवारों से विवाद के बाद बेकाबू हुआ ट्रॉला?
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना से कुछ देर पहले दो स्कूटी सवारों और ट्रॉला चालक के बीच विवाद हुआ था। चर्चा है कि स्कूटी सवारों ने ट्रॉले को रोकने के लिए उस पर पत्थर फेंके थे। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस घटनाक्रम की पुष्टि नहीं की है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- पहले वाहनों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार विष्णु गर्ग के अनुसार, वह हादसे के समय अपनी दुकान पर बैठा था। तभी सामने से आ रहे ट्रॉले ने पहले एक गाड़ी को टक्कर मारी और फिर दूसरी गाड़ी को चपेट में ले लिया। इसके बाद सड़क पर पैदल जा रहे युवक को कुचल दिया। विष्णु गर्ग ने बताया कि ट्रॉले ने उनकी दुकान के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उनके मुताबिक, घटनास्थल पर चर्चा थी कि दो स्कूटी सवारों ने ट्रॉला चालक पर पत्थर फेंके थे, जिसके बाद उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया।

पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने में देरी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में 10 से 15 मिनट लगने और एंबुलेंस के देर से आने का भी आरोप लगाया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अपने वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। फिलहाल हादसे के कारणों और स्कूटी सवारों के साथ हुए कथित विवाद की जांच की जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image