Wednesday, September 2, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान निकाय चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र, किए...

राजस्थान निकाय चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र, किए ये बड़े वादे…

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के बीच भाजपा ने नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें 7 लाख से ज्यादा घरों में PNG कनेक्शन, शहरों में 24 घंटे घरेलू बिजली, 1 लाख आवासीय प्लॉट, 1150 ई-बसें और जयपुर में करीब 42 किलोमीटर मेट्रो लाइन समेत कई बड़े वादे किए गए हैं।

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने शहरी विकास को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ बिजली, पानी, सीवरेज, परिवहन और स्वच्छता से जुड़े कई बड़े वादे किए हैं। 

7 लाख से ज्यादा घरों को PNG कनेक्शन

भाजपा के नगरीय विकास संकल्प पत्र में राजस्थान के शहरी इलाकों के 7 लाख से अधिक घरों में PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही शहरों में घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की दिशा में काम करने का वादा किया गया है। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में करीब 1 लाख आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराने की भी बात कही है। 

15 लाख स्ट्रीट लाइट और सीवरेज पर बड़ा फोकस

शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 15 लाख नई स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं पुरानी सीवरेज लाइनों की मरम्मत और विस्तार के लिए करीब 3 हजार किलोमीटर का काम प्रस्तावित है। सीवरेज की सफाई के लिए रोबोटिक मशीनों का इस्तेमाल करने और कचरा संग्रहण वाहनों की ट्रैकिंग व्यवस्था लागू करने की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल है। पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया है।

1150 ई-बसों से मजबूत होगा पब्लिक ट्रांसपोर्ट

भाजपा सरकार ने राजस्थान के प्रमुख शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1150 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा है। इनमें जयपुर के साथ जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर जैसे शहर शामिल हैं। जयपुर में करीब 42 किलोमीटर मेट्रो लाइन से जुड़े काम को भी शहरी परिवहन के लिए अहम कदम बताया गया है। 

पार्किंग, ई-चार्जिंग और सोलर पर भी जोर

शहरों में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए नई पार्किंग सुविधाएं विकसित करने का वादा किया गया है। इसके अलावा फूड कोर्ट, ई-व्हीकल चार्जिंग पॉइंट और घरों की छतों पर सोलर प्लांट को बढ़ावा देने की योजना है। सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, पर्यावरण और परिवहन का दीर्घकालीन प्लान तैयार करना है।

छोटे कारोबारियों और गरीब परिवारों पर भी फोकस

संकल्प पत्र में रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की बात कही गई है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत करीब 1.60 लाख लोगों को लाभ दिए जाने की जानकारी भी सरकार की ओर से दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 1.27 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जाने और एक लाख से ज्यादा आवासों का निर्माण शुरू होने की जानकारी भी साझा की गई।

24 घंटे बिजली से लेकर स्वच्छ शहर तक का दावा

भाजपा ने संकल्प पत्र के जरिए शहरों में बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर खास जोर दिया है। साथ ही स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लक्ष्य रखे गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि सरकार के काम करने का संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अपने पिछले संकल्प पत्र के करीब 78 प्रतिशत काम ढाई साल में पूरा कर चुकी है। 

मदन राठौड़ बोले- संकल्प पूरा करके दिखाएंगे

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संकल्प पत्र को आम जनता तक पहुंचाने की अपील भी की।

एक नजर में BJP के संकल्प पत्र के प्रमुख वादे

  • 7 लाख से ज्यादा घरों में PNG कनेक्शन
  • शहरों में 24 घंटे घरेलू बिजली की दिशा में काम
  • 1 लाख आवासीय प्लॉट
  • करीब 15 लाख स्ट्रीट लाइट
  • करीब 3 हजार किलोमीटर सीवरेज लाइन का काम
  • 1150 इलेक्ट्रिक बसें
  • जयपुर में करीब 42 किलोमीटर मेट्रो लाइन
  • पार्किंग और ई-चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार
  • कचरा प्रबंधन में डिजिटल ट्रैकिंग
  • सीवरेज सफाई के लिए रोबोटिक तकनीक
  • शहरों में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image