Vladimir Putin Iran statement : मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नये सर्वोच्च नेता चुने गए अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई को सोमवार को बधाई दी और तेहरान को मॉस्को के अटूट समर्थन और एकजुटता की पुष्टि की। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने सोमवार को यह जानकारी दी कि ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मुजतबा को 88 सदस्यीय विशेषज्ञ सभा द्वारा उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुतिन ने क्रेमलिन की वेबसाइट पर पोस्ट किये गए एक संदेश में कहा, ‘‘ऐसे समय में जब ईरान सशस्त्र आक्रमण का सामना कर रहा है, इस उच्च पद पर आपका कार्यकाल बेशक महान साहस और समर्पण की मांग करेगा। मुझे विश्वास है कि आप अपने पिता के कार्यों को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाएंगे और गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए ईरानी जनता को एकजुट करेंगे।’’ पुतिन ने कहा, ‘‘मैं अपनी ओर से तेहरान के प्रति अपने अटूट समर्थन और अपने ईरानी मित्रों के साथ एकजुटता की पुष्टि करना चाहता हूं। रूस इस्लामी गणराज्य का एक विश्वसनीय सहयोगी रहा है और रहेगा।’’

जानिए कौन हैं मुजतबा खामेनेई?
1969 में मशहद में जन्मे मुजतबा, अली खामेनेई के दूसरे सबसे बड़े बेटे हैं। उनके परिवार में कुल मिलाकर पांच भाई-बहन हैं। उनका बचपन ऐसे दौर में बीता जब उनके पिता ईरान के आखिरी शाह मोहम्मद रजा पहलवी के विरोध में आवाज उठाने वाले प्रमुख धार्मिक नेताओं में शामिल हो चुके थे। 1979 में हुई इस्लामी क्रांति के बाद उनके परिवार की स्थिति पूरी तरह बदल गई और वे नए ईरानी शासन के प्रभावशाली दायरे में आ गए।
क्रांति के बाद उनका परिवार तेहरान चला गया। वहां मुजतबा ने अलवी हाई स्कूल में पढ़ाई की, जिसे अक्सर शासन से जुड़े प्रभावशाली लोगों को तैयार करने वाले संस्थान के रूप में देखा जाता है। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कोम शहर में रूढ़िवादी धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में धार्मिक शिक्षा हासिल की. हालांकि उन्होंने कई वर्षों तक धार्मिक अध्ययन किया, फिर भी वे अब तक ग्रैंड अयातुल्लाह के पद तक नहीं पहुंचे थे।




