Saturday, October 5, 2024
HomeMP- CGPM मोदी आज भोपाल का दौरे पर, भाजपा कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

PM मोदी आज भोपाल का दौरे पर, भाजपा कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा की ओर से 5 अलग-अलग क्षेत्रों से निकाली गई जन आशीर्वाद यात्राओं के समापन समारोह और जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है।

पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा होगा। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने महाकुंभ कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है और इस कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम की समय सारणी के अनुसार मोदी पूर्वाह्न करीब 11 बजे जंबूरी मैदान पहुंचेंगे और उम्मीद है कि वह दोपहर 1 बजे भोपाल से रवाना होंगे। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख वी. डी. शर्मा ने कहा मोदी 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक) की जयंती पर भोपाल के जंबूरी मैदान में पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे। शर्मा ने बताया कि जंबूरी मैदान में लाखों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश में चुनावी अभियान के अंतर्गत 5 जन आशीर्वाद यात्राओं का आयोजन किया गया। पहली यात्रा 3 सितंबर को चित्रकूट से निकाली गई, जबकि बाकी यात्राएं नीमच, श्योपुर, मंडला और खण्डवा से प्रारंभ हुई थी। पूर्व में जो जन आशीर्वाद यात्राएं निकलती थीं, वो सभी विधानसभाओं तक नहीं पहुंच पाती थीं। लेकिन इस बार 21 दिनों में 5 जन आशीर्वाद यात्राएं 223 विधानसभाओं तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं में 10,600 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी, लेकिन जनसमर्थन से उत्साहित होकर ये यात्राएं 10,880 किलोमीटर तक पहुंची। इन पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं में पार्टी को जनता का जो भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, उसके माध्यम से जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकारों द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण के कार्यो पर मोहर लगा दी है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि इन यात्राओं के औपचारिक समापन के उपलक्ष्य में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अबकी बार 150 पार का नारा दिया है। विशाल जनसभा से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल में मोदी की विशाल आदमकद आकृतियां लगाई हैं। विभिन्न जगहों पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के समन्वयक नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा प्रमुख वी. डी. शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य नेता रविवार को जंबूरी मैदान पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान भाजपा ने चौहान सरकार के विकास और जनकल्याण योजनाओं के लाभों की जानकारी लोगों को दी। आगामी चुनाव को लेकर लड़ाई तेज होने के बीच कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार की नाकामियों पर निशाना साधने के लिए जन आक्रोश यात्रा शुरू की है। 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 230 में से 114 सीटें जीती थीं और भाजपा को 109 पर सीमित कर दिया था जिससे पार्टी सत्ता में आने का मौका चूक गई थी। कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ने निर्दलीय, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाई। हालांकि, 15 महीनों के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया (अब केंद्रीय मंत्री) के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के एक समूह के भाजपा में शामिल होने के कारण यह सरकार गिर गई और मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान की वापसी का मार्ग प्रशस्त हुआ।

Mamta Berwa
Mamta Berwa
JOURNALIST
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments