Monday, June 22, 2026
HomeLatest Newsभारत-नेपाल सीमा विवाद पर बालेंद्र शाह का बड़ा बयान, बोले- ब्रिटेन से...

भारत-नेपाल सीमा विवाद पर बालेंद्र शाह का बड़ा बयान, बोले- ब्रिटेन से कभी नहीं मांगी मध्यस्थता

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा विवाद सुलझाने के लिए ब्रिटेन से मध्यस्थता नहीं मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर केवल ब्रिटिश शासनकाल के दस्तावेज पेश करने की बात कही गई थी। विदेश मंत्री शिशिर खनाल के अनुसार, संयुक्त कार्य समूह इस मुद्दे के समाधान पर काम करेगा।

India-Nepal Border Dispute : काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (Balendra Shah) ने भारत के साथ चल रहे सीमा विवाद को लेकर रविवार को बड़ा स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इस मुद्दे के समाधान के लिए ब्रिटेन से किसी तरह की मध्यस्थता की मांग नहीं की है। उन्होंने कहा कि नेपाल की ओर से केवल इतना कहा गया था कि यदि सीमा निर्धारण से जुड़े मामलों में ब्रिटिश शासनकाल के दस्तावेजों या ऐतिहासिक साक्ष्यों की आवश्यकता पड़ी, तो उन्हें प्रस्तुत किया जा सकता है।

सीमा विवाद सुलझाने में तीसरे पक्ष से किया इनकार

चितवन जिले में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के पहले आम अधिवेशन को संबोधित करते हुए बालेंद्र शाह ने कहा, हमने कभी यह नहीं कहा कि ब्रिटेन हमारे और भारत के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाए। हमने सिर्फ ऐतिहासिक प्रमाणों के इस्तेमाल की बात कही थी।

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले ही नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने संसद में कहा था कि भारत और नेपाल के बीच सीमा से जुड़े विवादों और कथित सीमा-पार कब्जे के मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच एक संयुक्त कार्य समूह काम करेगा। उनके इस बयान को दोनों देशों के बीच बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

दरअसल, पिछले महीने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संसद में दिए एक बयान में कहा था कि नेपाल ने विभिन्न स्थानों पर भारतीय क्षेत्रों पर कब्जे से जुड़े मुद्दों को उठाया है और इसके समाधान के लिए चीन तथा ब्रिटेन को भी शामिल किया गया है। इस बयान के बाद नेपाल के भीतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बहस तेज हो गई थी। भारत ने इस पूरे मामले में अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी थी। नई दिल्ली ने साफ शब्दों में कहा था कि भारत और नेपाल के बीच मौजूद सभी द्विपक्षीय मुद्दों का समाधान आपसी बातचीत और स्थापित तंत्र के माध्यम से किया जाएगा तथा किसी भी तीसरे पक्ष की भूमिका स्वीकार्य नहीं होगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image