Wednesday, August 5, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentMahabharat के अश्वत्थामा प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में कहा...

Mahabharat के अश्वत्थामा प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में कहा दुनिया को अलविदा

फिल्म और टीवी अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में कैंसर के कारण निधन हो गया। बुधवार को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 'महाभारत' में अश्वत्थामा और 'गजनी', 'लगान', 'सरफरोश' जैसी फिल्मों में निभाए गए उनके किरदार आज भी याद किए जाते हैं। चार दशक लंबे करियर में उन्होंने हिंदी के साथ कई दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई।

जयपुर। फिल्म और टेलीविजन जगत के वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का बुधवार दोपहर मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मंगलवार शाम 74 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे अभिनेता पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, अभिनेता को कैंसर दोबारा हो गया था। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

‘महाभारत’ से मिली पहचान

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ से की थी। इस सीरियल में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। यही भूमिका उनके करियर की पहचान बन गई।टीवी के बाद प्रदीप रावत ने हिंदी सिनेमा में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। वह ‘लगान’, ‘सरफरोश’,’गजनी’, ‘ग्रैंड मस्ती’ और हाल ही में रिलीज हुई ‘छावा’ जैसी फिल्मों में नजर आए। फिल्म ‘गजनी’ में उनका निभाया गया विलेन का किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किया जाता है।हिंदी फिल्मों के अलावा प्रदीप रावत ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। दक्षिण भारतीय फिल्मों में उन्होंने कई दमदार नकारात्मक किरदार निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई।

प्रदीप रावत से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा फिल्म ‘लगान’ से जुड़ा है। बताया जाता है कि ‘सरफरोश’ में उनके अभिनय से प्रभावित होकर आमिर खान ने उन्हें रात में फोन कर फिल्म का ऑफर दिया था। हालांकि, परिवार ने पहले इसे मजाक समझ लिया। बाद में पुष्टि होने पर प्रदीप रावत ने फिल्म साइन की और ‘देवा सिंह सोढ़ी’ का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में जगह बना ली।

प्रदीप रावत की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। पहली शादी कुछ महीनों में ही टूट गई थी। बाद में उन्होंने कल्याणी रावत से विवाह किया। दोनों का एक बेटा विक्रमादित्य रावत है।अभिनेता सोनू सूद और यशपाल शर्मा समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि दी। उनके निधन को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है।करीब चार दशक तक अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके निभाए गए किरदार हमेशा उन्हें याद दिलाते रहेंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image