Wednesday, October 7, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentकियारा-सिद्धार्थ दूसरी बार बनेंगे पेरेंट्स, सोशल मीडिया पर दी गुड न्यूज

कियारा-सिद्धार्थ दूसरी बार बनेंगे पेरेंट्स, सोशल मीडिया पर दी गुड न्यूज

बॉलीवुड कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी सोशल मीडिया पर शेयर की है। दोनों ने लिखा कि एक बार फिर उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा तोहफा आने वाला है। कपल ने 2023 में शादी की थी और जुलाई 2025 में पहली बेटी के माता-पिता बने थे।

मुंबई। बॉलीवुड के चर्चित कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी शेयर की है। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वे दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। कियारा और सिद्धार्थ ने अपनी पोस्ट में लिखा, “एक बार फिर हमें जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है। हमारे दिल प्यार और आभार से भर गए हैं।” इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

2023 में हुई थी कियारा-सिद्धार्थ की शादी

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 7 फरवरी 2023 को शादी की थी। दोनों ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए थे। दोनों की प्रेम कहानी फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान चर्चा में आई थी। फिल्म में दोनों ने साथ काम किया था और शूटिंग के दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ने की खबरें सामने आई थीं।

जुलाई 2025 में पहली बार बने थे माता-पिता

शादी के करीब दो साल बाद कियारा और सिद्धार्थ पहली बार माता-पिता बने थे। जुलाई 2025 में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बेटी के जन्म की जानकारी दी थी। इसके बाद नवंबर 2025 में कपल ने अपनी बेटी का नाम भी सार्वजनिक किया था। उन्होंने बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा बताया था और उसे अपनी राजकुमारी कहा था।

पिता बनने के अनुभव पर सिद्धार्थ ने क्या कहा था?

हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता बनने के अनुभव के बारे में भी बात की थी। टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ में पहुंचे सिद्धार्थ से सलमान खान ने उनकी शादीशुदा जिंदगी और पिता बनने को लेकर सवाल किया था। सिद्धार्थ ने पिता बनना अपने लिए सबसे खास भूमिका बताया था। उन्होंने अपनी बेटी को बेहद प्यारा बताते हुए कहा था कि वह लगातार नई चीजें सीख रही है। इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने मजाक में सिद्धार्थ से जल्द एक और बच्चा होने की बात भी कही थी। हालांकि उस समय दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी।

मां बनने के बाद बदली कियारा की जिंदगी

मां बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में कियारा ने राज शमानी के पॉडकास्ट में बात की थी। उन्होंने बताया था कि मां बनने से पहले और बाद में उन्होंने खुद में काफी बदलाव महसूस किया है और अब वह खुद को पहले से काफी अलग इंसान मानती हैं।

कियारा और सिद्धार्थ का फिल्मी करियर

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। 2010 में उन्होंने ‘माई नेम इज़ खान’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से एक्टिंग डेब्यू किया। सिद्धार्थ को ‘हंसी तो फंसी’, ‘एक विलेन’ और ‘कपूर एंड संस’ जैसी फिल्मों से पहचान मिली। हाल ही में वह फिल्म ‘द वन’ में नजर आए थे। वहीं कियारा आडवाणी ने 2014 में ‘फुगली’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 2016 में ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘लस्ट स्टोरीज’, ‘कबीर सिंह’, ‘गुड न्यूज’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जीयो’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ जैसी फिल्मों में काम किया। कियारा आखिरी बार यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आई थीं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image