Income Tax Raid On Kanha Restaurant: जयपुर। राजस्थान की प्रसिद्ध फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट समूह पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (आयकर विभाग ) की कार्रवाई शुक्रवार तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार सुबह शुरू हुई इस समन्वित छापेमारी में जयपुर सहित 6 शहरों और मुंबई तक फैले 33 ठिकानों पर सर्च किया जा रहा है। जयपुर में सर्वाधिक 26 परिसरों—कार्यालय, गोदाम और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच चल रही है।
दीवार के पीछे मिला खुफिया रूम
आयकर विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान एक ठिकाने पर दीवार के पीछे बना खुफिया कक्ष मिला। संदेह होने पर दीवार तोड़ी गई तो भीतर मजबूत स्ट्रॉन्ग रूम मिला। जहां से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद हुई। सरकारी मूल्यांकनकर्ता आभूषणों का आकलन कर रहे हैं।
टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ पार जाने का अंदेशा
अब तक करीब 1 करोड़ रुपये नकद भी जब्त किए जा चुके हैं। उससे यह साफ है कि यह टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा। इसके अलावा टीम को 10 बैंक लॉकरों की और जानकारी मिली है। उन्हें खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार लॉकरों में बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और सोना मिलने की आशंका है।
टैक्स चोरी के पैसे को आलीशान संपत्तियों में लगाया
जांच का दायरा रेस्टोरेंट कारोबार से आगे बढ़कर रियल एस्टेट निवेश तक पहुंच गया है। आमेर स्थित ताज होटल और कूकस के कुंदन वन होटल में निवेश की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। विभाग को संदेह है कि लाभ कम दिखाकर धन को आलीशान संपत्तियों में लगाया गया। आयकर टीमें बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड, नकद लेन-देन, प्रॉपर्टी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की गहन जांच कर रही हैं। बड़ी मात्रा में फाइलें व डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी आगे भी जारी रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Raj Kundra Bail: शिल्पा शेट्टी के पति राजकुंद्रा को मिली जमानत, बिटकॉइन घोटाले से जुड़ा है मामला




