जयपुर। जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल के नवनिर्माण का काम बुधवार सुबह शुरू हो गया। स्कूल की पुरानी और जर्जर बिल्डिंग को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया गया। सरकार की ओर से करीब 18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने के बाद अब यहां नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। यह वही स्कूल है, जिसकी बदहाल स्थिति को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 21 अगस्त को विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों का ग्रामीणों से विवाद हो गया था।
21 अगस्त को CJP प्रवक्ता के साथ हुआ था विवाद
21 अगस्त को CJP के कार्यकर्ता रामपुरा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा की स्थिति का निरीक्षण करने पहुंचे थे। स्कूल भवन की बदहाल स्थिति को लेकर पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं का विरोध किया और मामला विवाद में बदल गया। CJP के मुताबिक, प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें मौके से जाने के लिए मजबूर किया गया। अब स्कूल के नए भवन का निर्माण शुरू होने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।
CJP ने बताया अपनी बड़ी जीत
CJP की जॉइंट सेक्रेटरी रेखा शर्मा ने रामपुरा स्कूल के नवनिर्माण के फैसले को पार्टी की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि रामपुरा स्कूल बेहद खराब परिस्थितियों में संचालित हो रहा था और अब उसके लिए नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह काम पहले कर सकती थी और इसके लिए बीते दिनों हुए विवाद की जरूरत नहीं थी। रेखा शर्मा के मुताबिक, रामपुरा स्कूल का मुद्दा सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं है। पार्टी राजस्थान के अन्य सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए भी आवाज उठाती रहेगी।
ग्रामीणों ने सरकार के फैसले का किया स्वागत
स्कूल के नए भवन के निर्माण के फैसले का ग्रामीणों ने भी स्वागत किया है। ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर हो चुके स्कूल भवन को हटाकर नए सिरे से निर्माण कराया जाना सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि स्कूल ज्ञान का मंदिर है और इसके नाम पर राजनीति या विवाद नहीं होना चाहिए। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले दिनों स्कूल के मुद्दे को लेकर जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, उसकी जरूरत नहीं थी। ग्रामीणों ने कहा कि पूरा गांव सरकार के फैसले से खुश है और निर्माण कार्य में हर संभव सहयोग करेगा। ग्रामीण अब पुराने विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहते हैं।
बच्चों को मिलेगा सुरक्षित और बेहतर स्कूल भवन
पुरानी बिल्डिंग गिराए जाने के बाद अब सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि नए भवन का निर्माण जल्द पूरा हो और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। फिलहाल रामपुरा स्कूल के नवनिर्माण की शुरुआत हो चुकी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया भवन कब तक तैयार होता है और बच्चों को नए परिसर में पढ़ाई की सुविधा कब मिलती है।



