जयपुर। जयपुर में लग्जरी घड़ियों के शोरूम राडो में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। टोंक रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित शोरूम में बदमाशों ने तड़के करीब 4 बजे धावा बोला। बदमाश लोहे की रॉड से शोरूम का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कुछ ही मिनटों में कीमती घड़ियां लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह शटर टूटा हुआ मिलने पर शोरूम में चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लोहे की रॉड से तोड़ा शटर
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए लोहे की रॉड यानी नकब की मदद से शोरूम का शटर तोड़ा। शटर टूटने के बाद बदमाश अंदर घुसे और शो-कैश, टेबल तथा स्टोर में रखी कीमती घड़ियों को समेटकर ले गए। फिलहाल शोरूम मालिक की ओर से चोरी हुई घड़ियों की संख्या और कुल कीमत का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV में 5 से 7 बदमाश नजर आए
स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश के मुताबिक, वारदात के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। फुटेज में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे 5 से 7 बदमाश वारदात करते नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने लोहे की रॉड से शोरूम का शटर तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
मिनटों में वारदात को दिया अंजाम
स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि बदमाशों ने शोरूम में महज कुछ ही मिनटों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों की ओर से इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड को पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कर लिया है। फिलहाल चोरी गए सामान की कीमत सामने नहीं आई है। पुलिस CCTV फुटेज और मौके से जुटाए गए सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।



