जयपुर। जयपुर में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को ब्लैक शीशे वाली स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा करना भारी पड़ गया। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मी को देखकर गाड़ी रोकने के बजाय उसकी तरफ तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो दौड़ा दी। टक्कर लगने से कॉन्स्टेबल सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया। मामले में मानसरोवर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
ब्लैक शीशे देखकर पुलिसकर्मी ने रुकने का इशारा किया
पुलिस के अनुसार, जयपुर ट्रैफिक पुलिस साउथ में तैनात ASI महेश कुमार (53) ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 8 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है। उस दिन सुबह करीब 8 बजे से ASI महेश कुमार और कॉन्स्टेबल बलदेव की ड्यूटी गंगा-जुमना से लेकर वेस्टर्न हाईवे तक के क्षेत्र में लगाई गई थी। दोनों पुलिसकर्मी अपने बीट क्षेत्र में स्थित किसान धर्मकांटे के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बदरवास की ओर से एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। गाड़ी के ब्लैक शीशे देखकर कॉन्स्टेबल बलदेव ने चालक को रुकने का इशारा किया।
रुकने के बजाय चालक ने बढ़ा दी गाड़ी की रफ्तार
पुलिस के मुताबिक, कॉन्स्टेबल को रुकने का इशारा करते देख स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। आरोपी ने तेज रफ्तार में पुलिसकर्मी की तरफ गाड़ी दौड़ा दी। इसी दौरान स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से कॉन्स्टेबल बलदेव सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया।
घायल कॉन्स्टेबल को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कॉन्स्टेबल बलदेव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। टक्कर के कारण उनके शरीर पर काफी चोटें आईं। हादसे में उनकी पुलिस वर्दी भी फट गई। घटना की शिकायत मिलने के बाद मानसरोवर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी खंगाला जा सकता है। पुलिस का प्रयास है कि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए।



