जयपुर। राजस्थान की राजधानी में दिनदहाड़े 20 लाख रुपये की लूट जैसी वारदात सामने आई है। कचौरी खाने के लिए रुके एक व्यापारी की स्कूटी के आगे रखा रुपयों से भरा बैग लेकर दो बदमाश फरार हो गए। व्यापारी ने उन्हें पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन दोनों हाथ नहीं आए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे जयपुर के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कचौरी खाने के लिए रुका था व्यापारी
जानकारी के अनुसार, सिरोही निवासी 50 वर्षीय चंपालाल जयपुर में एक कपड़ा व्यापारी के लिए कलेक्शन का काम करता है। वह चांदपोल स्थित टिक्की वालों के रास्ते में अपने सेठ के यहां रहता है। उसका काम माणक चौक और नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में व्यापारियों से भुगतान की रकम एकत्र करना है।
सोमवार को भी चंपालाल कलेक्शन के लिए निकला था। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुक गया। उसने 20 लाख रुपये से भरा बैग अपनी स्कूटी के आगे रख दिया। इसी मौके का फायदा उठाकर स्कूटी पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने तेजी से बैग उठाया और दोनों फरार हो गए।
व्यापारी ने किया पीछा, लेकिन भाग निकले आरोपी
बैग गायब होने का पता चलते ही चंपालाल ने बदमाशों का पीछा किया। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेजी से निकल गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। वारदात के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
हेलमेट पहने होने से पहचान में परेशानी
नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह के अनुसार, वारदात के समय दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे। इसके कारण सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10% बढ़ोतरी, CM भजनलाल ने जारी किए आदेश
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई, लेकिन फिलहाल आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश कर रही है।



