जयपुर। राजधानी जयपुर में 30 अगस्त की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोपालपुरा बाईपास स्थित मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत के बाद एक ई-रिक्शा भी चपेट में आ गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे में शामिल थार और एंडेवर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व मंत्री की पत्नी के नाम रजिस्टर्ड है एंडेवर
मानसरोवर थाना पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल एंडेवर कार पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड है। हादसे के वक्त वाहन कौन चला रहा था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल थार में तीन युवतियां सवार होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
पहले थार पलटी, फिर एंडेवर ने मारी टक्कर
मानसरोवर थाना पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची तो थार और एंडेवर दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थीं। दोनों वाहनों के चालक मौके पर नहीं मिले। पुलिस के मुताबिक गुर्जर की थड़ी की तरफ से आ रही थार मेट्रो स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान 200 फीट चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार एंडेवर ने थार को टक्कर मार दी और वह भी पलट गई। टक्कर के दौरान एंडेवर की चपेट में ई-रिक्शा आ गया।
ई-रिक्शा में सवार तीन मजदूर घायल
हादसे के समय ई-रिक्शा में तीन मजदूर सवार थे। बताया गया कि तीनों एक समारोह में आइसक्रीम सप्लाई करके वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्घटना की चपेट में आने से वे घायल हो गए। घायलों की पहचान 50 वर्षीय शंकर सिंह, 48 वर्षीय मुकेश जावली और 48 वर्षीय उमाशंकर के रूप में हुई है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उमाशंकर जयपुर के आदर्श नगर स्थित जनता कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि शंकर सिंह और मुकेश जावली अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
एंडेवर पर पहले से 18 से ज्यादा ओवरस्पीड चालान
पुलिस जांच में सामने आया है कि ललिता चांदना के नाम रजिस्टर्ड एंडेवर कार पर पहले से ओवरस्पीड के 18 से अधिक चालान दर्ज हैं। वहीं हादसे में शामिल थार कार पर भी चार से ज्यादा चालान होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब हादसे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए मानसरोवर मेट्रो स्टेशन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
मानसरोवर थाना पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय दोनों वाहन कौन चला रहा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



