दशहरा हर साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस पर्व को मनाने के पीछे कई मान्यताएं है। पौराणिक कथा के अनुसार, मां दुर्गा ने इस दिन राक्षषों को नष्ट किया था, इसलिए शारदीय नवरात्र के दसवें दिन यह उत्सव मनाया जाता है। भारत में लोग बहुत ही धूमधाम से दशहरा का पर्व मनाते हैं। इस दिन रावण के पुतले का दहन किया जाता है। देश में दूर-दूर से लोग दशहरा का जश्न देखने आते हैं। तो चलिए जानते हैं कि भारत के कौन-से शहर दशहरे के लिए मशहूर हैं।
कोटा

राजस्थान के कोटा में दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यहां दशहरे का आयोजन 25 दिनों तक लगातार होता है, इस मेले की शुरुआत 125 वर्ष पूर्व महाराज भीमसिंह द्वितीय ने की थी। यह परंपरा आज तक निभाई जा रही है। इस दिन यहां रावण, मेघनाद और कुंभकरण का पुतला दहन किया जाता है। इसके साथ ही भजन कीर्तन और कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं, इसलिए यह मेला देशभर में फेमस है।
कोलकाता

नवरात्र की पूजा हो या दशहरा, ये पर्व कोलकाता में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। दशहरा के दौरान इस शहर को पंडालों से सजाया जाता है। जिसमें मां दुर्गा के लिए खास स्थान बनाया जाता है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाती है। महिलाएं साड़ी पहनती हैं और दशहरे के दिन एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं।
कुल्लू

कुल्लू में दशहरा का उत्सव कई दिनों तक चलता है। यहां इस खास मौके पर जुलूस भी निकाला जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं की भीड़ होती है और वो अपने सिर पर देवी-देवताओं को रखकर ले जाते हैं। कुल्लु में दशहरा उत्सव के दौरान भारी मेला भी लगता है, जहां कुल्लु की संस्कृति को आप देख सकते हैं।
दिल्ली

दशहरा उत्सव के लिए दिल्ली को बहुत ही खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। यहां विजयादशमी के अवसर पर कई जगहों पर राम लीला का आयोजन होता है। अगर आप दिल्ली शहर में है और दशहरा देखना चाहते हैं, तो सुभाष मैदान आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
पंजाब

पंजाब में भी दशहरा बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। विजादशमी के दिन रावण के पुतले का दहन किया जाता है। यहां दशहरे पर भव्य मेला लगता है, जिसमें मिठाइयों की दुकान आकर्षण का मुख्य केंद्र होती हैं। अगर आप भी इस दशहरे पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो पंजाब का दशहरा देखने जा सकते हैं।