IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान लगी दाहिने पैर की मांसपेशियों की चोट से तेजी से उबर रहे हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल और स्पोर्ट्स साइंस टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है. कोहली अब 22 जून को बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे, जहां उनकी दोबारा जांच की जाएगी और आगे की योजना तय होगी.
IPL के दौरान कोहली हुए थे चोटिल
जानकारी के अनुसार, IPL फाइनल के दौरान अहमदाबाद में खेलते समय कोहली के दाहिने पैर की मांसपेशियों में हल्की चोट लग गई थी. इसके बाद वह अपने परिवार के साथ लंदन चले गए थे, जहां उन्होंने शुरुआती रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम पूरा किया. बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस टीम का एक सदस्य भी उनकी फिटनेस का आकलन करने के लिए लंदन गया था.
सीओई की ओर से चयन समिति और टीम प्रबंधन को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि विराट कोहली की रिकवरी अच्छी चल रही है. उन्हें शुरुआती चरण के रिहैब कार्यक्रम दिए गए थे और अब उनकी विस्तृत फिटनेस जांच की जाएगी. यदि सभी मेडिकल परीक्षण संतोषजनक रहे तो उन्हें जल्द ही फिटनेस क्लियरेंस मिल सकती है.
रिपोर्ट के आधार पर आगामी सीरिज में उपलब्धता पर होगा फैसला
बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार, कोहली रविवार को दिल्ली में एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इसके बाद सोमवार को बेंगलुरु में उनकी फिटनेस जांच होगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर उनकी आगामी वनडे सीरीज में उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हार्दिक पंड्या
वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है. अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले लगी क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) की चोट से वह अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. बताया जा रहा है कि वह अभी अपने पूरे कोटे के ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं.
इंग्लैंड सीरीज से पंड्या बाहर
सूत्रों के मुताबिक हार्दिक पंड्या को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर रखा गया है. मेडिकल टीम का मानना है कि उन्हें पूरी फिटनेस हासिल करने में अभी और समय लगेगा. वनडे क्रिकेट के लिए आवश्यक गेंदबाजी और शारीरिक तैयारी के मानकों तक पहुंचने में उन्हें अतिरिक्त रिहैब की जरूरत है.
हालांकि चयन की दौड़ में शामिल बाकी सभी खिलाड़ी फिट बताए जा रहे हैं. अब भारतीय टीम की वनडे स्क्वॉड की घोषणा विराट कोहली की फिटनेस रिपोर्ट मिलने के बाद किए जाने की संभावना है. क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें फिलहाल कोहली की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.



