US Iran War Update: ईरान और अमेरिका सीजफायर के ऐलान के बाद भी जमीनी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस बीच इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर चेतावनी दी है. ट्रंप ने गुरुवार का कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल न वसूला जाए. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि जल्द आप देखेंगे कि तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी. चाहे इसमें ईरान शामिल हो या नहीं.
‘होर्मुज पर टैंकरों से टोल वसूली तुरंत बंद हो’
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा- ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों से टोल वसूल रहा है, जो बिल्कुल नहीं होना चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा हो रहा है, तो इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए. ट्रंप ने अपनी दूसरी पोस्ट में दावा किया कि बहुत जल्द तेल की आपूर्ति फिर से सामान्य हो जाएगी, चाहे ईरान के साथ या उसके बिना. उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उनके लिए यह मायने नहीं रखता.
टोल वसूली पर ट्रंप ने जताई नाराजगी
डोनाल्ड ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आवाजाही के मामले में बेहद खराब काम कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया, ‘हमारा समझौता ऐसा बिल्कुल नहीं है.’वहीं फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पाद निर्यातकों के संघ के प्रवक्ता हामिद हुसैनी ने कहा कि ईरान जहाजों से ट्रांजिट टोल क्रिप्टोकरेंसी में वसूलने की शर्त रख सकता है.



