Delhi Weather & Air Quality: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में दो दिन पहले हुई बारिश के बाद रविवार को वायु गुणवत्ता में और सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 150 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
पिछले साढ़े तीन महीने से अधिक समय में यह पहली बार है, जब राजधानी की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद प्रदूषण स्तर में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.9 डिग्री कम है। रात का तापमान भी इस मौसम के औसत से नीचे बना रहा।
विभिन्न मौसम केंद्रों पर दर्ज न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
सफदरजंग: 6.6 डिग्री सेल्सियस
पालम: 4.5 डिग्री सेल्सियस
लोधी रोड: 5.8 डिग्री सेल्सियस
रिज: 6.1 डिग्री सेल्सियस
आयानगर: 5.3 डिग्री सेल्सियस
सुबह आर्द्रता अधिक, रात में कोहरे की संभावना
आईएमडी के अनुसार, सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने और रात के समय कोहरे की संभावना जताई है।
अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
AQI श्रेणियां क्या कहती हैं
सीपीसीबी के अनुसार,
0 से 50: अच्छा
51 से 100: संतोषजनक
01 से 200: मध्यम
201 से 300: खराब
301 से 400: बहुत खराब
401 से 500: गंभीर
बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार से लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।




