नई दिल्ली। दिल्ली में Special Intensive Revision (SIR) और चुनाव आयोग के खिलाफ शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। प्रदर्शन का आह्वान छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया था। इसके अलावा AAP और अन्य राजनीतिक समूहों के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की ओर से चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के SIR को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू की है, जिसके तहत सार्वजनिक सभा और जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग भी की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस, रिजर्व फोर्स और RAF के जवान तैनात किए गए हैं। जंतर-मंतर के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है और जरूरत के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
11 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट बंद
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद किए गए। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं। कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
सौरभ भारद्वाज समेत AAP कार्यकर्ता हिरासत में
AAP नेता सौरभ भारद्वाज शुक्रवार को जंतर-मंतर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान कई अन्य AAP कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
मुंबई में भी प्रदर्शन का ऐलान
इसी मुद्दे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई है। मुंबई में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए वहां भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर ध्यान दिया गया है।



