नई दिल्ली। दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में एक स्कूल परिसर में 12वीं कक्षा की छात्रा की आग में झुलसने से मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को स्कूल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां छात्रा गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से तीन पेज का कथित सुसाइड नोट और छात्रा का स्कूल बैग भी मिला है।
सुसाइड नोट में दोस्त का जिक्र
पुलिस के अनुसार, छात्रा के बैग से कुछ ज्वलनशील पदार्थ भी बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कथित सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने एक दोस्त के किसी अन्य लड़की से बातचीत करने का जिक्र किया है। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
क्राइम टीम और FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम स्कूल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच जारी है।
दिल्ली सरकार के मंत्री ने स्कूल का दौरा किया
घटना के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद भी स्कूल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रशासन ने सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। मंत्री ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों की जानकारी दी जाएगी।
फिलहाल पुलिस छात्रा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सुसाइड नोट, बरामद सामग्री और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



