Mamata Banerjee Bhabanipur Nomination : कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने रविवार को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी इसी क्षेत्र से हुई थी।
#WATCH TMC चेयरपर्सन और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने के लिए सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं। pic.twitter.com/8xSL84uvwA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 8, 2026
रोड शो के बाद सीएम ममता ने दाखिल किया नामांकन
नामांकन दाखिल करने से पहले बनर्जी ने अपने कालीघाट स्थित आवास से अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक भव्य रोड शो का नेतृत्व किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समर्थक ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ और ‘तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए। भारी उत्साह और समर्थकों की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने अलीपुर सर्वे बिल्डिंग पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
अपनी चिर परिचित मुस्कान के साथ वह हाथ जोड़े लगभग 800 मीटर तक चलीं और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं का उन्होंने अभिवादन किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरा जन्म और पालन-पोषण यहीं भवानीपुर में हुआ है। मेरे जीवन की हर चीज की शुरुआत यहीं से हुई।’’ सीट के अलावा हर सीट पर तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं न केवल भवानीपुर बल्कि सभी 294 निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से अपील करती हूं कि वे हमारे उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें। हम बड़े जनादेश के साथ जीतेंगे।’’
मतदाता सूची पर सीएम ममता बनर्जी ने उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस ने 2021 के विधानसभा चुनाव में 213 सीटें जीती थीं। हालांकि, बनर्जी ने मतदाता सूची से नामों को हटाए जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी पार्टी मतदाता सूची को ‘फ्रीज’ करने के खिलाफ फिर से अदालत का रुख करेगी। बनर्जी ने कहा, ‘‘मुझे बेहद दुख है कि मतदाता सूची से इतने सारे नाम हटा दिए गए हैं। मेरी समझ से परे है कि मतदाता सूचियों को क्यों रोक दिया गया है। हम इसके खिलाफ फिर से अदालत में अपील करेंगे।’’ भवानीपुर से तीन बार विधायक रह चुकीं बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से होने वाला है।
नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ मौजूद लोगों में कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम की पत्नी रूबी हाकिम, वार्ड 71 के तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह और भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के मिराज शाह शामिल थे। उनके साथ उनके परिवार के सदस्य भी थे। तृणमूल कांग्रेस ने बनर्जी के रोड शो और नामांकन दाखिल करने को भवानीपुर में बंगाल की बहुलवादी संस्कृति के संदेश के रूप में पेश किया, जो एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां गुजराती व्यापारी, बंगाली परिवार, पंजाबी परिवार और मुस्लिम निवासी दशकों से साथ-साथ रहते आए हैं। सत्तारूढ़ पार्टी ने भवानीपुर को ‘‘मिनी-इंडिया’’ और पश्चिम बंगाल की समावेशी पहचान के प्रतीक के रूप में पेश करने का प्रयास किया। पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।



