Sunday, March 1, 2026
HomePush NotificationJaipur में नारी शक्ति का ऐतिहासिक महाकुंभ 8-9 मार्च को, मुख्यमंत्री भजन...

Jaipur में नारी शक्ति का ऐतिहासिक महाकुंभ 8-9 मार्च को, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा करेंगे शुभारंभ

Jaipur में 8-9 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” महाआयोजन आयोजित होगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। कार्यक्रम में विधायक मैथिली ठाकुर और एक्ट्रेस रवीना टंडन भी शामिल होंगी।

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और मां पन्नाधाय जयंती के उपलक्ष्य में राजधानी जयपुर में नारी सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित 2 दिवसीय महाआयोजन “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” 8 एवं 9 मार्च 2026 को शिल्प ग्राम, जवाहर कला केंद्र में आयोजित किया जाएगा। सेवायाम् संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन नगर निगम जयपुर ग्रेटर की निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति के विविध आयामों-आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीक, संस्कृति और उद्यमिता-को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देना है।

मुख्यमंत्री करेंगे पन्नाधाय की प्रतिमा का अनावरण

कार्यक्रम का शुभारंभ 8 मार्च को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर मां पन्नाधाय की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। उद्घाटन से पूर्व प्रातः 9 से 11 बजे तक दो दिवसीय विशाल आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और बालिकाएं भाग लेंगी। निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि आयोजन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित राजनीतिक और समाज के प्रमुख लोग शामिल होंगे।

500 से अधिक महिलाएं लेंगी शस्त्र प्रशिक्षण

आत्मरक्षा सत्र के अंतर्गत 500 से अधिक महिलाएं एवं बालिकाएं पारंपरिक शस्त्र प्रशिक्षण में तलवार चलाने का अभ्यास करेंगी। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, साहस और संकट की स्थिति में आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है।

टॉक शो में प्रमुख हस्तियां करेंगी संवाद

डॉ सौम्या गुर्जर ने बताया कि आयोजन में संस्कृति, समाज और समकालीन विषयों पर संवाद के विशेष सत्र आयोजित होंगे। सुप्रसिद्ध अभिनेत्री रवीना टंडन, अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर, विधायक एवं गायिका मैथिली ठाकुर सहित अनेक प्रबुद्धजन विभिन्न सत्रों में सहभागिता करेंगे। वहीं, समापन सत्र पर राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका वंदनीया सीता ताई “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” विषय पर व्याख्यान करेंगी। ये हस्तियां ‘जेन-जी का विकसित भारत’, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमन’, ‘उद्यमिता में नारी शक्ति’ और ‘स्वस्थ नारी – समृद्ध समाज’ जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगी। इनके साथ ही राज्यपाल हरिभाउ बागड़े का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल द्वारा महिला सशक्तिकरण में विशेष कार्य कर रही 21 महिलाओं को अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।

8 मार्च के प्रमुख सत्र

  • जेन-जी का विकसित भारत
  • मेरी कहानी, मेरी जुबानी
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमन
  • मां पन्नाधाय के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति

9 मार्च के प्रमुख सत्र

  • स्त्री: देह से आगे
  • उद्यमिता में नारी शक्ति
  • स्वस्थ नारी – समृद्ध समाज “कैंसर हारेगा, भारत जीतेगा” — सर्वाइकल कैंसर पर विशेष चर्चा
  • ‘शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन’
  • ‘पंच परिवर्तन’ नाट्यमंचन
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फागोत्सव

“शक्ति कवच” अभियान: 1000 बालिकाओं का निःशुल्क HPV टीकाकरण

आयोजन का एक महत्वपूर्ण आयाम “शक्ति कवच” अभियान रहेगा, जिसके तहत 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन किया जाएगा। लगभग 1000 बालिकाओं ने इसके लिए पंजीकरण कराया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘नारी शक्ति’ और ‘स्वस्थ भारत’ की प्रेरणा से संचालित की जा रही है। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में यह अभियान बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सेवायाम संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों में हजारों बालिकाओं, महिलाओं, स्वच्छता प्रहरियों और पाक विस्थापित महिलाओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जा चुका है।

300 से अधिक निःशुल्क स्टॉल, महिला उद्यमिता को मिलेगा मंच

आयोजन स्थल पर 300 से अधिक निःशुल्क स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें महिला उद्यमी अपने उत्पाद, हस्तशिल्प, स्टार्टअप और नवाचार प्रदर्शित करेंगी। इससे प्रदेशभर से आई महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच मिलेगा। यह आयोजन नारी शक्ति के सामर्थ्य, स्वाभिमान और नेतृत्व को नई दिशा देने का संकल्प है। दो दिवसीय यह महाआयोजन जयपुरवासियों के लिए प्रेरणा, सहभागिता और सामाजिक परिवर्तन का ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा।

ये भी पढ़ें: Nagpur Factory Blast: नागपुर में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्री में ब्लास्ट, 17 लोगों की मौत, 18 घायल

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular