जयपुर। राजस्थान में सरकारी स्कूलों की स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने बुधवार को जयपुर में अपने राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक की। बैठक में प्रदेश के मौजूदा हालात की समीक्षा के साथ आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियों और अभियान को लेकर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को प्रमुख मुद्दा बनाने के संकेत दिए हैं।
सीजेपी का आरोप है कि राज्य के कई सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करनी पड़ रही है। कुछ स्थानों पर स्कूल भवनों की स्थिति खराब होने और आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी का दावा भी पार्टी ने किया है। बैठक में ऐसे मामलों को सामने लाने और सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर विचार किया गया।
पार्टी नेता आशुतोष रांका ने बैठक की जानकारी साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल जयपुर में राजस्थान के शिक्षा तंत्र और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आगे की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। रांका ने सरकार को चेताते हुए कहा कि उसके कार्यकाल का समय लगातार कम हो रहा है।
कंवरपुरा स्कूल विवाद के बाद तेज हुआ अभियान
सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सीजेपी की सक्रियता के बीच जयपुर के बगरू क्षेत्र स्थित कंवरपुरा स्कूल का मामला भी सामने आया था। पार्टी कार्यकर्ताओं के स्कूल पहुंचने के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया था। बाद में स्थिति कथित तौर पर मारपीट तक पहुंच गई। सीजेपी ने दावा किया था कि उसके कई कार्यकर्ता घायल हुए और एक कार्यकर्ता को फ्रैक्चर भी हुआ।
घटना के बाद पार्टी ने राज्य सरकार को 48 घंटे का समय देते हुए स्कूल में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सीजेपी ने स्कूल को लेकर ऐसे आरोप भी लगाए थे कि वहां पढ़ाई के लिए उचित व्यवस्था नहीं है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब तक किसी गिरफ्तारी की सूचना सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर हमला
रांका राजस्थान के विभिन्न सरकारी स्कूलों से जुड़े वीडियो और तस्वीरें अपने सोशल मीडिया खाते पर साझा कर रहे हैं। उनका दावा है कि इन रिपोर्टों से सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आ रही है। उन्होंने मीडिया में प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार की आलोचना की है।
रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भी निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए हैं। सीजेपी का कहना है कि स्कूलों की स्थिति और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उसका अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक किया जाएगा।



