हैदराबाद (प्रज्ञा पांडे)। तेलंगाना के एक होटल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 33 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट ने हीलियम गैस सूंघकर अपनी जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि मृतक पिछले कुछ समय से गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा था, जिसकी मुख्य वजह उसकी जुए की लत थी। इस त्रासदी ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग और जुए की लत के कारण युवाओं के जीवन पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों को उजागर कर दिया है।
इस तरह हुआ घटना का खुलासा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 अगस्त की है, लेकिन इसका खुलासा मंगलवार को तब हुआ जब होटल के कर्मचारियों को शक हुआ। काफी देर तक खटखटाने के बावजूद जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से खिड़की के रास्ते कमरे के अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मृतक की पहचान सिद्दीपेट जिले के मूल निवासी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में हैदराबाद की एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत था।
यूट्यूब वीडियो की मदद से बनाया प्लान
जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले मृतक ने पूरी योजना बनाई थी। उसने हैदराबाद के बालानगर इलाके से हीलियम गैस का एक सिलेंडर और उससे जुड़ी अन्य सामग्री खरीदी थी। इसके बाद उसने एक होटल में कमरा बुक किया और इंटरनेट का सहारा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर यह तरीका सीखा था। होटल के कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट में उसने अपने जीवन के इस कठिन दौर और मानसिक स्थिति का जिक्र किया है। उसने लिखा कि जुए की लत के कारण उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था, जिससे उबरने का कोई रास्ता उसे नहीं सूझ रहा था।
रिश्तेदारों की मदद भी पड़ी कम, बेचना पड़ा फ्लैट
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक जुए की लत के कारण गहरे कर्ज के दलदल में फंस चुका था। उसके परिवार और रिश्तेदारों ने मुश्किल वक्त में उसकी कई बार आर्थिक मदद की और उसे इस लत से बाहर निकालने की कोशिश भी की थी। इसके बावजूद हालात इतने बिगड़ गए कि उसे अपना हैदराबाद स्थित फ्लैट तक बेचना पड़ गया था। इसके बाद भी जब वित्तीय बोझ कम नहीं हुआ, तो उसने यह अतिवादी कदम उठा लिया। फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।



