कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फुकेत से कोलकाता पहुंची फ्लाइट के शौचालय में बम की धमकी वाला संदेश मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर जांच शुरू की गई।
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
धमकी मिलने के बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस की टीमों ने विमान की सघन तलाशी ली। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
एयरपोर्ट पर लगातार दूसरे दिन धमकी
कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी का यह लगातार दूसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को महिलाओं के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट मिला था, जिसमें बोर्डिंग गेट पर बम होने की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। एजेंसियां इन घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं।



