झांसी (प्रज्ञा पांडे)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना कस्बे में एक नवविवाहित दंपती से जुड़ा मामला सामने आया है। पति अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है, जबकि पत्नी का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के अशोकनगर निवासी सागर साहू और राधा ने करीब सात महीने पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों बबीना में रह रहे थे। सोमवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सागर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज और बाद में एक निजी अस्पताल के आईसीयू में रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इसी दौरान जब परिवार के सदस्य अस्पताल गए हुए थे, राधा घर पर अकेली थी। वापस लौटने पर परिजनों ने उसे फंदे से लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चूंकि विवाह को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए नियमानुसार मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेम विवाह के बावजूद ससुराल पक्ष पिछले कुछ समय से 10 लाख रुपये की दहेज की मांग कर रहा था। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर राधा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।



