BCCI Prize Money For T20 World Cup 2026 Winner: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने तीसरी बार पुरुष टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए मंगलवार को 131 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की. यह पुरस्कार राशि 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी स्टाफ में वितरित की जाएगी.
15 खिलाड़ियों में से प्रत्येक को मिलेंगे 6 करोड़ रुपए
सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का बड़ा हिस्सा मिलना तय है, जबकि सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए पुरस्कार राशि उनके पद के अनुसार तय की जाएगी. यह राशि 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली चैंपियन टीम को दिए गए 125 करोड़ रुपये से 6 करोड़ रुपये अधिक है. 15 खिलाड़ियों में से प्रत्येक को 6 करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि शेष 41 करोड़ रुपये सहयोगी स्टाफ के सदस्यों में वितरित किए जाएंगे.
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बयान में कहा, ‘बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ के सदस्यों और चयनकर्ताओं को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता है.’
भारत T20 वर्ल्ड कप 3 बार जीतने वाली पहली टीम
गौरतलब है कि भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की थी. वह टी20 विश्व कप में खिताब का सफल बचाव करने वाली पहली टीम है. भारतीय टीम ने तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता. यह कारनामा करने वाली वह पहली टीम बन गई जिससे खेल के इस छोटे प्रारूप में उसके दबदबे का भी पता चलता है.
ये भी पढ़ें: LPG Gas Crisis पर गुजरात सरकार का बड़ा फैसला, उद्योगों की सप्लाई में 50 प्रतिशत तक कटौती की




