बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में पंचायतीराज चुनाव के बीच दुखद घटना सामने आई है। मांगता पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल की मतदान से एक दिन पहले मौत हो गई। बुधवार तड़के उनका शव खेत में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रत्याशी की मृत्यु के बावजूद 22 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान नहीं टलेगा।
खेत में मिला कांग्रेस प्रत्याशी का शव
पुलिस के अनुसार, आलमजी का थान निवासी 45 वर्षीय मोहनलाल पुत्र पूनमाराम बुधवार तड़के अपने खेत पर गए थे। बाद में उनका शव पेड़ के पास मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की बात सामने आई है, हालांकि इसके कारणों का अभी पता नहीं चला है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
डिप्टी बुधाराम बिश्नोई के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और MOB टीमों को बुलाया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, मोहनलाल की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
वार्ड नंबर 8 में अब दो प्रत्याशी मैदान में
मोहनलाल की मृत्यु के बाद मांगता पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 में चुनावी स्थिति को लेकर सवाल उठे। रिटर्निंग अधिकारी वीरमाराम ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी की असामयिक मृत्यु से निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी और मतदान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा। अब वार्ड नंबर 8 में दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
किन परिस्थितियों में स्थगित हो सकता है चुनाव?
रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार, किसी प्रत्याशी की मृत्यु होने पर चुनाव अपने आप स्थगित नहीं होता। संबंधित चुनाव नियमों के तहत स्थिति देखी जाती है। यदि किसी उम्मीदवार की मृत्यु के बाद केवल एक ही प्रत्याशी मैदान में बचता है, तो लागू नियमों के अनुसार निर्वाचन अधिकारी चुनाव स्थगित करने का निर्णय ले सकता है।



