Bangladesh Election Result 2026 : ढाका। बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में शुक्रवार को अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के वरिष्ठ बीएनपी नेता गायेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका सीट से जीत हासिल की।सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ की खबर के अनुसार, रॉय ने ढाका-3 सीट पर 99,163 मत हासिल कर जमात-ए-इस्लामी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शाहिनुर इस्लाम को हराया।
ढाका-3 में हिंदू नेता की जीत, BNP को मिली बड़ी बढ़त
देश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्यों के कथित उत्पीड़न की पृष्ठभूमि में पूर्व मंत्री की ढाका सीट से जीत हुई है। दिसंबर में युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से इस समुदाय को कई हमलों का सामना करना पड़ा है, जिनमें से कुछ घातक भी रहे हैं। भारत बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता व्यक्त करता रहा है। इसके अलावा, कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी द्वारा मैदान में उतारे गये एकमात्र हिंदू उम्मीदवार को खुलना-1 निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा।
इस चुनावी मुकाबले में कृष्णा नंदी को 70,346 मत मिले, जबकि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के उम्मीदवार आमिर एजाज खान को 1,21,352 मत मिले।बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव में एक ऐसी सरकार का चुनाव होगा, जो मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की जगह लेगी। बीएनपी संसदीय चुनावों में व्यापक जीत की ओर बढ़ रही है और दो दशकों के अंतराल के बाद सत्ता में वापसी करने जा रही है।




