Thursday, February 6, 2025
Home Blog Page 718

ऑपरेशन त्रिनेत्र-2  जारी

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में छिपे आतंकवादियों का पता लगाने के लिए सेना और पुलिस का संयुक्त तलाशी और घेराबंदी अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। सुरनकोट तहसील के सिंदाराह और मैदाना में सोमवार दोपहर ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र 2’ शुरू किया गया था और अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों के साथ भीषण गोलीबारी हुई।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘अभियान जारी है।’’ अधिकारियों ने बताया कि घेरेबंदी वाले इलाके से नियमित अंतराल पर रुक-रुक कर गोलीबारी की खबरें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि गोलीबारी शुरू होने के तुरंत बाद अतिरिक्त बल भेजा गया। अधिकारियों ने कहा कि भागने के सभी मार्गों को बंद कर दिया गया है और अभियान भी जारी है। इस बीच, पूरी रात कड़ी निगरानी रखी गई।

सीमा पार से हथियारबंद आतंकवादियों, हथियारों और नशीले पदार्थों को भेजने की कोशिशों के मद्देनजर पुंछ में वाहनों की आकस्मिक तलाशी और औचक जांच तेज कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने 16 और 17 जुलाई की रात को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो आतंकवादियों को मार गिराया था और घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया था।

Indore Rape Case: मध्यप्रदेश शर्मसार! ढोंगी बाबा ने की विवाहिता से हैवानियत

मप्र : घरेलू समस्या दूर करने के नाम पर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। तंत्र विद्या के नाम पर एक विवाहिता की घरेलू समस्या दूर करने की आड़ में उससे कई बार दुष्कर्म करने के आरोपी 38 वर्षीय ढोंगी बाबा को इंदौर में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक उपनिरीक्षक ने यह जानकारी दी। उपनिरीक्षक ने बताया कि आरोपी की पहचान राजेश सुरियाल (38) के रूप में हुई है और खुद को तांत्रिक बताने वाला यह शख्स मूलत: खरगोन जिले का रहने वाला है।

जिन्न को खुश करने के नाम पर दुष्कर्म

उन्होंने बताया, पीड़ित महिला अपने पति से जुड़ी घरेलू समस्या लेकर ढोंगी बाबा के पास गई थी। आरोपी ने महिला से कहा कि उसके भीतर मौजूद जिन्न को खुश करने के लिए उसे उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे। उसने कहा कि जिन्न के खुश होने पर उसकी घरेलू समस्या दूर हो जाएगी। उपनिरीक्षक ने बताया कि ढोंगी बाबा के इस झांसे में आकर विवाहिता कई बार दुष्कर्म की शिकार हुई।

दी पति को जान से मारने की धमकी

उन्होंने बताया कि सुरियाल ने महिला को धमकी दी थी कि अगर उसने उससे शारीरिक संबंध की बात किसी भी व्यक्ति को बताई, तो वह उसे और उसके पति को जान से मार डालेगा। उपनिरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

बाढ़ के बाद बढ़ी आंखों में जलन

राजधानी में मचा हाहाकार

ज्यादातर मामले राहत शिविरों से आ रहे ​सामने

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बाढ़ से प्रभावित लोगों पर अब एक ओर गाज गिर रही है। पहले ही वे बाढ़ के पानी ने उन्हें बेहाल कर रखा है और अब आंखों में जलन, त्वचा पर एलर्जी से इनकी हालत खराब हो रही हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को कहा कि आंखों में जलन और त्वचा एलर्जी के मामले ज्यादातर राजधानी के कुछ हिस्सों में बाढ़ से प्रभावित लोगों के राहत शिविरों से सामने आ रहे हैं।
भारद्वाज ने यहां दिल्ली सरकार के एक अस्पताल पहुंचने के बाद पत्रकारों से यह भी कहा कि शहर के सभी सरकारी विभागों को स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है, क्योंकि बाढ़ के बाद डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों के मामले बढ़ने का डर है। फिलहाल यह प्रवृत्ति देखने को नहीं मिल रही है। आंखों में जलन और त्वचा पर एलर्जी के ज्यादातर मामले राहत शिविरों से सामने आ रहे हैं।
दिल्ली में यमुना नदी के जल स्तर में फिर से मामूली वृद्धि के बारे में पूछे जाने पर भारद्वाज ने कहा कि पिछले दो दिन में उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है और अब नालों का पानी भी नदियों में जा रहा है इसलिए उसका जल स्तर थोड़ा बढ़ गया है।

बढ़ा यमुना का जल स्तर

दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर सोमवार को थोड़ी वृद्धि के साथ 205.58 मीटर पर दर्ज किया गया जबकि एक रात पहले जल स्तर 205.52 मीटर पर था।

भारत की झोली में आए 27 पदक


एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जीते भारतीय खिलाड़ी

प्रधानमंत्री ने दी भारतीय दल को बधाई

नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने पर भारतीय दल की प्रशंसा की और कहा कि इस उपलब्धि से उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। भारत ने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण के अलावा 12 रजत और नौ कांस्य पदक सहित कुल 27 पदक जीते।
प्रधानमंत्री ने ट्विट किया, ‘‘25वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप—2023 में भारतीय दल का सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन! हमारे एथलीटों ने 27 पदक जीते, जो विदेशी धरती पर किसी भी चैम्पियनशिप की पदक तालिका में सर्वोच्च है। इस उपलब्धि के लिए हमारे एथलीटों को बधाई। इससे हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’

कर्ज में डूबने पर भी बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, दो आतंकवादी ढेर

जम्मू कश्मीर: पुंछ में सेना ने घुसपैठ की कोशिश को किया नाकाम

पुंछ/जम्मू। कर्ज में पूरी तरह से डूबा पाकिस्तान अभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। एलओसी पर लगातार घुसपैठ की घटनाएं बढ़ रही हैं। हालांकि भारतीय सेना हर बार इन नापाक मंसूबों पर काबू पा रही है। सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश नाकाम करते हुए सोमवार को दो आतंकवादियों को मार गिराया। एक रक्षा प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक आतंकवादी के शव को घटनास्थल से बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरा आतंकी गोली लगने के बाद पुंछ नदी में गिर गया। अधिकारी ने कहा कि पुंछ जिले के कृष्ण घाटी सेक्टर में 16-17 जुलाई की दरमियानी रात सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने यह संयुक्त अभियान चलाया था। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि सतर्क जवानों ने पुंछ नदी के समीप भारत की ओर एलओसी पार करने की संदिग्ध गतिविधियां देखी, जिसके बाद यह अभियान शुरू किया गया।

देर रात हुई मुठभेड़

उन्होंने कहा कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मियों ने आतंकवादियों की घुसपैठ और उन्हें भागने से रोकने के लिए बहुस्तरीय घुसपैठ रोधी चौकियां स्थापित कर रखी हैं। अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ देर रात शुरू हुई और दो आतंकवादियों को गोली लगी। उन्होंने कहा, एक आतंकवादी मौके पर ही गिर गया जबकि दूसरे आतंकी को पुंछ नदी में गिरते देखा गया। सेना की व्हाउट नाइट कोर ने ट्वीट किया, पुंछ सेक्टर में ऑपरेशन बहादुर। पुंछ सेक्टर में बीती रात सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान घुसपैठ की कोशिश नाकाम की गई। दो घुसपैठिए मारे गए। प्रवक्ता ने कहा कि नदी में गिरे आतंकवादी का शव ढूंढने का प्रयास जारी है।

सेना ने ‘थर्मल इमेज’ की जारी

उन्होंने कहा कि मैगजीन के साथ एक एके-74 राइफल, 11 कारतूस सहित युद्ध में इस्तेमाल किया जाने वाला गोलाबारूद और अन्य विस्फोटक पदार्थ बरामद किये गये हैं। सेना ने ‘थर्मल इमेज’ भी जारी की है, जिसमें घुसपैठ की कोशिश की जाते देखी जा सकती है। प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं और भविष्य में भी इस तरह के प्रयासों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

World Listening Day: एक नहीं सौ मर्ज की दवा है म्यूजिक, इसलिए गाए जा…

जयपुर। हमारे जीवन में ध्वनियों का बहुत महत्व है। पक्षियों का चहचहाना, झरनों की तरंग, पहाड़ों से उमड़ घुमड़ कर आतीं नदियों की कलकल, हवा में नाचते पत्तों की उमंग, समुद्र की ल​हरों का किनारों को चुनौतियां देना, ये सभी आवाजें दिल को सुकून पहुंचाती हैं। साफ बात है कि ध्वनियां हमारा तनाव कम कर हमें रिलेक्स कर देती हैं। दुनियाभर की आवाजों को सुनने और उनकी सराहना करने के उद्देश्य से हर साल 18 जुलाई को ‘वर्ल्ड लिसनिंग डे’ यानी विश्व श्रवण दिवस मनाया जाता है।

ऐसे हुई इस खास दिन की शुरुआत

वर्ल्ड लिसनिंग डे की शुरुआत साल 2010 में वर्ल्ड लिसनिंग प्रोजेक्ट द्वारा की गई थी। वर्ल्ड लिसनिंग प्रोजेक्ट एक गैर-लाभकारी संगठन है जिसका उद्देश्य दुनिया और इसकी प्राकृतिक ध्वनियों की समझ को बढ़ावा देना है। साथ ही लोगों को यह समझाना है कि ध्वनि हमारे जीवन को कैसे प्रभावित करती है। 18 जुलाई का दिन इसलिए भी चुना गया, क्योंकि इस दिन आर.मरे शेफर का बर्थ—डे मनाया जाता है। शेफर एक कनाडाई संगीतकार थे और मूवमेंट आॅफ अकूस्टिक इकोलॉजी के संस्थापक थे। यह खास दिन लोगों को आवाजों पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। हर साल इस ​खास दिन को एक थीम के अनुसार सेलिब्रेट किया जाता है। यह थीम पर्यावरण और प्राकृति से जुड़ी होती है।

स्टडी बताती हैं, बहुत काम का है म्यूजिक सुनना

जॉन्स हॉकिन्स मेडिकल की एक स्टडी के अनुसार म्यूजिक इंसान के दिमाग के लिए एक थैरेपी का काम करता है। यह दिमाग पर उम्र के साथ होने वाले बुरे प्रभावों को कम करता है। यानी दिन में अगर आप कुछ घंटे म्यूजिक सुनते हैं तो दिमाग का एजिंग प्रोसेस कम होता है। यह दिमाग के लिए एक वर्कआउट की तरह काम करता है। रिसर्च के अनुसार संगीत सुनने से लोगों का तनाव कम होता है, उनका ब्लड प्रेशर नॉर्मल रहता है। इतना ही नहीं सोने से नींद भी अच्छी आती है। पसंद का म्यूजिक सुनने से आपका मूड अच्छा होता है। यह मेमोरी बढ़ाने के लिए भी अच्छा तरीका है।

जानिए दुनियाभर में म्यूजिक से जुड़ीं कुछ खास बातें

64 % लोग पसंद करते हैं पॉप म्यूजिक
57 % लोगों को अच्छा लगता है रॉक म्यूजिक
90% लोग दुनियाभर में पसंद करते हैं संगीत सुनना
25.6 घंटे हर सप्ताह म्यूजिक सुनते हैं मेक्सिको के लोग
18 घंटे औसत हर सप्ताह म्यूजिक सुनते हैं दुनियाभर के लोग

इस वजह से अचानक ढह गई इमारत

काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा में सोमवार को 5 मंजिला एक रिहायशी इमारत ढह गई, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल पर बचाव कर्मियों ने इमारत के मलबे में तलाशी शुरू कर दी है।

मिस्र में इमारतों का ढहना आम बात है, जहां झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों, गरीब शहरी इलाकों और ग्रामीण इलाकों में घटिया स्तर का निर्माण और रखरखाव की कमी व्यापक रूप से मिलती है। मिस्र की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एमईएनए’ की खबर के मुताबिक बचाव दल ने काहिरा के पड़ोसी शहर हदाक अल-कुब्बा में इमारत के मलबे के नीचे से कम से कम 9 शव बरामद किए। हादसे की जगह शहर के केंद्र से लगभग 3.2 किलोमीटर दूर है।

एमईएनए ने कहा कि जीवित बचे 4 लोगों को भी अस्पताल ले जाया गया और अधिकारियों ने पड़ोस की इमारत को खाली करा लिया। मिस्र के सामाजिक एकजुटता मंत्रालय ने कहा कि वह इस हादसे में मारे गए 9 पीड़ितों के परिवारों को 60,000 मिस्र पाउंड (लगभग 1,940 अमेरिकी डॉलर) की सहायता राशि देगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि वह घायलों को सहायता पहुंचाएगा और आस-पास की संपत्तियों को हुए नुकसान की निगरानी कर रहा है।

स्थानीय खबरों के अनुसार पुलिस बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और बचाव दल संभावित जीवित बचे लोगों की तलाश में मलबे की तलाशी ले रहे हैं। इमारत ढहने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

कोरोना के दौरान रेडक्रॉस का कार्य अतुलनीय – कलराज मिश्र

जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सोमवार को कहा कि राजस्थान में रेडक्रॉस के तहत प्रभावी काम हो रहा है। राज्यपाल मिश्र ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में राजभवन से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए भाग लिया।

राष्ट्रपति के संबोधन के बाद रेडक्रॉस सोसायटी का कार्यवाही सत्र आयोजित किया गया। राज्यपाल मिश्र ने इसमें राजस्थान में रेडक्रॉस सोसायटी के सुदृढ़ीकरण और इसके जरिए हो रहे विशिष्ट कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेडक्रॉस के जरिए आपदा के समय ही नहीं बल्कि निरंतर समाज सेवा का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में रेडक्रॉस के तहत जरूरतमंदों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने की प्रभावी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान रेडक्रॉस ने जो कार्य किया वह अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा है, इसे समझते हुए ही रेडक्रॉस और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए सभी स्तरों पर कार्य करने की देशभर में आवश्यकता है। रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक साधारण सभा की बैठक को देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने संबोधित किया।

भाजपा विधायकों ने विधानसभा से किया वॉकआउट

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को सत्र के दौरान विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर सदन से 2 बार बहिर्गमन किया। भाजपा विधायकों के हंगामे के कारण दिन में सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित भी करनी पड़ी।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक चंद्रकांता मेघवाल के खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों से जुड़े एक सवाल पर जब नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पूरक प्रश्न पूछना चाहा तो विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी ने इसे ‘अप्रासंगिक’ बताते हुए अनुमति नहीं दी। इस पर राठौड़ ने आपत्ति जताई। भाजपा के कई और विधायक बोलने लगे तो सभापति ने कहा कि यह उनका विशेषाधिकार है।

इसके बाद भाजपा विधायक आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे और थोड़ी देर बाद सदन से बहिर्गमन कर गए। इसी तरह शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष राठौड़ व उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी और जोधपुर में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य हालिया घटनाओं पर सरकार का जवाब मांगा। इसके बाद भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए आसन के सामने आ गए। हालांकि सभापति ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया और भाजपा सदस्यों ने बहिर्गमन किया।

वहीं बाद में महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज विधेयक, 2023 पर चर्चा के दौरान सिरोही से निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा ने जोधपुर में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म को लेकर एक टिप्पणी की जिस पर भाजपा के विधायकों ने नाराजगी जताते हुए विरोध किया। सभापति जे पी चंदेलिया ने कहा कि जिस टिप्पणी पर भाजपा के सदस्यों को आपत्ति है उसे कार्यवाही से हटा दिया जाएगा। हालांकि हंगामा चलता रहा और सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित की गई बाद में सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो विधेयक को पारित कर दिया गया।

सांसद पर अवमानना याचिका दायर

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर न्यायपालिका के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए एक वरिष्ठ अधिवक्ता ने सोमवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया और उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने और उनकी टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी एस शिवाग्ननम ने वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य से 3 सदस्यीय पीठ के समक्ष इस याचिका का उल्लेख करने को कहा जो न्यायमूर्ति राजशेखर मंथा के अदालत कक्ष को बाहर से बंद करने और दक्षिण कोलकाता स्थित उनके आवास के बाहर अपमानजनक पोस्टर चिपकाने को लेकर स्वत: संज्ञान अवमानना मामले की सुनवाई कर रही है। भट्टाचार्य ने कहा, ‘’संबंधित व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उच्च न्यायालय समाज विरोधी तत्वों को संरक्षण दे रहा है।’’ उन्होंने कहा कि बनर्जी ने राज्य में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई लोगों की मौत के लिए न्यायपालिका के एक वर्ग को जिम्मेदार ठहराया है।

भट्टाचार्य ने दावा किया कि न्यायपालिका पर इन कथित टिप्पणियों का अदालत की प्रतिष्ठा पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने मौखिक रूप से खंडपीठ से TMC के राष्ट्रीय महासचिव की टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि वृहद पीठ 2 अन्य न्यायाधीशों के पास समय उपलब्ध होने के अनुसार इस सप्ताह बैठेगी और मामले को इसके समक्ष पेश किया जा सकता है। वृहद पीठ में मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति आईपी मुखर्जी और न्यायमूर्ति चित्तरंजन दास शामिल हैं।

Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ Makar Sakranti: मकर संक्रांति का पतंगों और सूर्य से क्या संबंध है? 7 Best Juices- स्वस्थ और चमकदार शरीर व चेहरे के लिए 7 बेहतरीन जूस Christmas Celebration: मजेदार गतिविधियाँ और स्वादिष्ट रेसिपीज़ एक परफेक्ट छुट्टी के लिए