जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने विराटनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार, कनिष्ठ सहायक और एक कथित दलाल को 55 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई एसीबी के उपमहानिरीक्षक रामेश्वर सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार कौशिक के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में विराटनगर तहसीलदार संजय कुमार, कनिष्ठ सहायक देवीलाल और कथित दलाल अशोक को ट्रैप किया गया। तीनों पर कृषि भूमि की रजिस्ट्री करवाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, आमलोदा निवासी एक व्यक्ति ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृषि भूमि की रजिस्ट्री के काम के लिए उससे 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम घटाकर 60 हजार रुपये तय की गई।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय रकम में से 55 हजार रुपये दिए जाने के दौरान एसीबी ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक अर्चना मीणा और उनकी टीम ने किया। एसीबी की टीम अब आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत की मांग और रकम के लेनदेन में तीनों की क्या भूमिका थी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप मच गया है। ब्यूरो की ओर से आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।



