ZIM vs SL : आईसीसी टी20 रैंकिंग में 11वें स्थान पर काबिज जिम्बाब्वे ने टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में उसने 2014 की चैंपियन श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इससे पहले टीम 2021 की विजेता ऑस्ट्रेलिया को भी मात दे चुकी है।
179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए और चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके जड़े। कप्तान सिकंदर रजा ने 45 रन जबकि तदिवानाशे मारुमनी ने 34 रन का अहम योगदान दिया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। ओपनर पथुम निसांका ने 41 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पवन रत्नायके ने 44 रन बनाए। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट झटके और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।




