Thursday, August 21, 2025
HomeBiharBihar SIR Case : बिहार में वोटर अधिकार यात्रा फिर शुरू, तेजस्वी...

Bihar SIR Case : बिहार में वोटर अधिकार यात्रा फिर शुरू, तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर विचारों की नकल का आरोप लगाया

बिहार में विपक्ष की 'वोटर अधिकार यात्रा' एक दिन के विराम के बाद फिर शुरू हुई। राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर दूरदर्शिता के अभाव और उनकी योजनाओं की नकल का आरोप लगाया। उन्होंने वोटर सूची पुनरीक्षण को वोट चोरी की साजिश बताया। यात्रा में कांग्रेस, भाकपा- माले और वीआईपी के नेता भी शामिल हुए। राहुल गांधी के भी यात्रा में शामिल होने की बात कही गई।

Bihar SIR Case : शेखपुरा। बिहार में विपक्ष की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ बृहस्पतिवार को एक दिन के अंतराल के बाद फिर से शुरू हो गई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार सरकार पर ‘दूरदर्शिता के अभाव’ और ‘केवल उनके विचारों की नकल करने’ का आरोप लगाया। यादव ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपराह्न तक दिल्ली से वापस आएंगे और यात्रा में शामिल होंगे।शेखपुरा जिले में यात्रा के फिर से शुरू होने पर यादव के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-मार्क्सवादी-लेनिनवादी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर विचारों की नकल करने का आरोप लगाया

तेजस्वी यादव ने कहा, हम बड़े भाई राहुल गांधी के आभारी हैं कि उन्होंने इस यात्रा के लिए इतना समय दिया। उपराष्ट्रपति चुनाव से संबंधित उनके कुछ जरूरी काम हैं। वह दोपहर बाद हमारे साथ शामिल होंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सासाराम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद जैसे नेताओं की मौजूदगी में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। यादव ने राज्य की नीतीश कुमार सरकार पर ‘दूरदर्शिता के अभाव’ और ‘केवल उनके विचारों की नकल करने’ का आरोप लगाया।

राजद नेता ने कहा कि उन्होंने (तेजस्वी ने) जो भी वादे किए थे, चाहे वह मूल निवास का मामला हो, प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म पर शुल्क माफी हो या युवा आयोग का गठन, वह (नीतीश कुमार सरकार) उन्हें अपनी पहल के रूप में पेश कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया, “राज्य की थकी हुई (राजग) सरकार आगामी विधानसभा चुनावों में उखाड़ फेंकी जाएगी। बिहार को एक असली मुख्यमंत्री चाहिए, न कि नकली। हम सरकार बनाएंगे और हमारे पास राज्य के लिए एक ‘विजन’ है। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि राजद ‘पहली पार्टी थी जिसने अधिवास नीति लागू करने की मांग की, मुफ्त बिजली, विधवाओं, बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और बिहार के समग्र विकास के लिए कई विचारों का वादा किया।

यादव ने कहा, अगर हमारी सरकार बनती है, तो हम युवाओं को रोजगार देंगे, राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे और बिहार से पलायन रोकने के उपाय करेंगे। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार माने जा रहे यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर लोगों के वोट ‘चुराए’ जा रहे हैं और उन्होंने भीड़ से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगवाए। उन्होंने दावा किया, बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) लोगों के मताधिकार को छीनने की एक कवायद है। यह राज्य में मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की सत्तारूढ़ सरकार की साजिश है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular