Wednesday, April 8, 2026
HomePush Notificationअमेरिका-ईरान की अब इस्लामाबाद में होगी बातचीत, जानें US की तरफ से...

अमेरिका-ईरान की अब इस्लामाबाद में होगी बातचीत, जानें US की तरफ से कौन- कौन होगा शामिल

US Iran Peace Talks: अमेरिका-ईरान के बीच 2 हफ्तों के सीजफायर के बाद अब इस्लामाबाद में बातचीत होगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 10 अप्रैल को दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को आमने-सामने वार्ता के लिए आमंत्रित किया है।

US Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्तों के सीजफायर के ऐलान के बाद अब आगे की बातचीत पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होगी. इस बात का ऐलान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक सोशल पोस्ट के जरिए किया. उन्होंने लिखा- इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ़ अमेरिका, अपने साथियों के साथ, लेबनान और दूसरी जगहों सहित हर जगह तुरंत सीज़फ़ायर पर सहमत हो गए हैं. यह सीजफायर तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

शहबाज शरीफ ने सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखी ये बात

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में आमने-सामने बातचीत के लिए आमंत्रित किया है, ताकि सभी विवादों का समाधान निकाला जा सके. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित इस्लामाबाद वार्ता क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता स्थापित करने में मददगार साबित होगी. यह घटनाक्रम 28 फरवरी से जारी संघर्ष को खत्म को कम करने के पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों के बाद आया है. यह संघर्ष उस समय निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया था जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सभ्यता को मिटा देने की चेतावनी दी थी.

अमेरिका की तरफ से बातचीत में कौन-कौन होगा शामिल ?

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इस अहम बातचीत के लिए एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को इस्लामाबाद भेजेगा जिसमें अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, व्हाइट हाउस के विशेष सलाहकार और राष्ट्रपति के दामाद जेरेड कुशनर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं.

हालांकि ईरान ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह इस दल के कुछ सदस्यों के साथ बातचीत के पक्ष में नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने विशेष रूप से स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर पर आपत्ति जताई है। सूत्रों के हवाले से CNN ने बताया है कि पिछली वार्ताओं के विफल होने और उसके बाद अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों के चलते ईरान में इन दोनों अधिकारियों के प्रति भरोसा काफी कम हो गया है। यही कारण है कि ईरान उन्हें वार्ता के लिए उपयुक्त प्रतिनिधि नहीं मान रहा।

ट्रंप ने सोशल प्लेटफॉर्म पर सीजफायर का किया ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर युद्ध-विराम का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने पाकिस्तान की ओर से आए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, जिसमें दो हफ्तों तक लड़ाई रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने की बात कही गई है. ट्रंप के अनुसार, इन दो हफ्तों के दौरान ईरान के साथ अंतिम समझौते को लेकर बातचीत की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ईरान और अमेरिका के बीच 2 हफ्तों के लिए थमी जंग, तेहरान ने रखी ये 10 शर्तें


Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular