US Iran Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच आज पाकिस्तान में अहम शांति वार्ता होने जा रही है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उसके पास बातचीत के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
वार्ता से पहले ट्रंप का सख्त बयान
वॉशिंगटन। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल कर दुनिया पर दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब केवल बातचीत का रास्ता ही बचा है। ट्रंप ने लिखा कि ईरान दुनिया को डराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं।
पाकिस्तान में होगी शांति वार्ता
अमेरिका और ईरान के बीच यह वार्ता पाकिस्तान की मध्यस्थता में इस्लामाबाद में हो रही है। दोनों देशों के अधिकारी आमने-सामने बैठकर अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी अपनी टीम के साथ वार्ता में शामिल होने के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं।
वार्ता विफल होने पर हमले की चेतावनी
ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगर यह वार्ता सफल नहीं होती है, तो अमेरिका ईरान पर फिर से हमले शुरू कर सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी युद्धपोत पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम हैं।
ईरान पर लगाए गंभीर आरोप
ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह परमाणु कार्यक्रम को लेकर दोहरी नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान एक तरफ बातचीत में परमाणु हथियार खत्म करने की बात करता है, जबकि दूसरी ओर यूरेनियम संवर्धन जारी रखने की बात करता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान लड़ाई से ज्यादा प्रचार और पब्लिक रिलेशन पर ध्यान देता है।
मध्यस्थता कर रहा है पाकिस्तान
इस वार्ता में पाकिस्तान अहम भूमिका निभा रहा है। इस्लामाबाद में होने वाली इस बैठक को क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



