Middle East Conflict : तिरुनवंनतपुरम। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है’’ और भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है। चुनावी राज्य केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले देश के टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।

हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’’ सिंह ने अपने भाषण के दौरान सभी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनने का आग्रह किया और कहा कि यह राज्य में बदलाव लाने के लिए सही राजनीतिक दल है और यह ‘‘मोदी की गारंटी’’ के साथ आता है। रक्षा मंत्री ने कहा, उनका (मोदी का) नेतृत्व 24 कैरेट सोने के समान है – यह आजमाया हुआ और परखा हुआ है। केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होगा।
देश में ईंधन और LPG का पर्याप्त भंडार : केंद्र सरकार
केंद्र सरकार ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और अगले दो महीनों तक कच्चे तेल की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की मार्केट एवं रिफाइनरी संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सभी रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रही हैं और रिटेल आउटलेट पर ईंधन की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान कहा, “मैं यह भी बताना चाहूंगी कि लगभग दो महीने पहले ब्रेंट क्रूड लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था, जबकि आज यह 100 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया है। इस वृद्धि के बावजूद, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है।”
LPG की आपूर्ति सामान्य
संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने के मुताबिक, “एलपीजी के आयात पर हमारी निर्भरता लगभग 60 प्रतिशत है। पिछले महीने की तुलना में, अंतरराष्ट्रीय कीमतें, विशेष रूप से सऊदी सीपी बेंचमार्क की कीमतों में बड़ी वृद्धि हुई है, जो 522 डॉलर से बढ़कर 44 प्रतिशत बढ़कर 780 डॉलर हो गई है। इसके बावजूद, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है।” इस बीच, सरकार ने प्राकृतिक गैस नेटवर्क के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और मार्च में 3.3 लाख नए पीएनजी कनेक्शन जारी किए गए। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र के लिए जरूरी सीएनजी की भी शत प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।



