Monday, February 23, 2026
HomePush NotificationSonam Wangchuk Arrest Case : सुप्रीम कोर्ट ने सोनम वांगचुक की हिरासत...

Sonam Wangchuk Arrest Case : सुप्रीम कोर्ट ने सोनम वांगचुक की हिरासत के खिलाफ उनकी पत्नी की याचिका पर सुनवाई 26 फरवरी तक टाली

उच्चतम न्यायालय ने सोनम वांगचुक की रासुका के तहत गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका की सुनवाई 26 फरवरी तक टाल दी। केंद्र ने अदालत में कहा कि वांगचुक को सीमावर्ती क्षेत्र में लोगों को उकसाने और सुरक्षा संबंधी संवेदनशीलता के कारण हिरासत में लिया गया, जबकि उनकी पत्नी ने इसे अवैध और मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।

Sonam Wangchuk Arrest Case : नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की गिरफ्तारी को चुनौती देने संबंधी उनकी पत्नी गीतांजलि जे. अंगमो की याचिका पर सुनवाई सोमवार को 26 फरवरी तक के लिए टाल दी। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति पी. बी. वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की अनुपलब्धता की वजह से टाली। इससे पहले, न्यायालय ने केंद्र से सवाल किया था कि क्या सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उनकी हिरासत पर सरकार द्वारा पुनर्विचार करने की कोई संभावना है।

उच्चतम न्यायालय में सोनम वांगचुक केस की सुनवाई टली

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के. एम. नटराज ने दलील दी थी कि वांगचुक पिछले साल 24 सितंबर को लेह में हुई हिंसा के लिए जिम्मेदार थे, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और 161 लोग घायल हुए थे। केंद्र सरकार और लद्दाख प्रशासन ने उच्चतम न्यायालय को बताया था कि वांगचुक को सीमावर्ती क्षेत्र में लोगों को उकसाने के आरोप में हिरासत में लिया गया हैं क्योंकि इसमें क्षेत्रीय संवेदनशीलता का मामला शामिल है। वांगचुक की हिरासत को उचित ठहराते हुए मेहता ने पीठ को बताया कि रासुका के तहत उन्हें निरुद्ध करने का आदेश देते समय सभी प्रक्रियात्मक एहतियाती उपायों का पालन किया गया था।

रासुका कार्रवाई पर कानूनी जंग तेज, वांगचुक बोले- विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार

रासुका, केंद्र और राज्य सरकारों को ऐसे व्यक्तियों को हिरासत में लेने का अधिकार देता है, जिन्हें भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां करने से रोके जाने की आवश्यकता हो। अधिकतम हिरासत अवधि 12 महीने है, हालांकि इसे पहले भी रद्द किया जा सकता है। केंद्र सरकार ने दलील दी थी कि वांगचुक ने ‘जेन जेड’ को नेपाल और बांग्लादेश जैसे विरोध प्रदर्शनों के लिए उकसाने की कोशिश की। ‘जेन जेड’ उन लोगों को कहा जाता है जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है। मेहता ने अदालत में यह दावा भी किया कि वांगचुक ने अरब क्रांति जैसे आंदोलन का भी जिक्र किया था, जिसके कारण अरब जगत के कई देशों में सरकारें गिर गईं थीं।

वर्तमान में जोधपुर केंद्रीय कारागार में बंद वांगचुक ने 29 जनवरी को उन आरोपों का खंडन किया कि उन्होंने अरब क्रांति की तरह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कोई बयान दिया था। जलवायु कार्यकर्ता ने रेखांकित किया कि उन्हें आलोचना और विरोध करने का लोकतांत्रिक अधिकार है। वांगचुक की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी कि पुलिस ने हिरासत में लेने वाले प्राधिकार को गुमराह करने के लिए चुनिंदा वीडियो का इस्तेमाल किया। अंगमो ने सोनम वांगचुक की हिरासत को अवैध और उनके मौलिक अधिकारों का हनन करने वाली मनमानी कार्रवाई बताया है। वांगचुक को लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शनों के दो दिन बाद बाद 26 सितंबर को हिरासत में लिया गया था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular