Rajasthan Health Department Inspection : भरतपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने शुक्रवार को भरतपुर में स्थित अस्पतालों का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरबीएम अस्पताल और जनाना अस्पताल में विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने आरबीएम अस्पताल पहुंचकर आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया और निर्देश दिए कि गंभीर रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने वार्डों में आवश्यक व्यवस्थाएं त्वरित रूप से सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश भी दिए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ मरीजों को गुणवत्ता के साथ मिल सके। उन्होंने अस्पताल परिसर में पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। ओपीडी का निरीक्षण करते समय उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यक जांच समय पर की जाए और पंजीयन खिड़कियों के पास मरीजों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
राठौड़ ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को निशुल्क जांच एवं दवा योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए। यदि दवाओं की उपलब्धता में कमी हो तो स्थानीय स्तर पर नियमानुसार खरीद की जाए। साथ ही तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए आरएमआरएस में उपलब्ध राशि का भी नियमानुसार उपयोग किया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरबीएम अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक में मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने महिला वार्ड, रामाश्रय वार्ड सहित अन्य वार्डों में भी मरीजों से संवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिलेभर के स्थानीय चिकित्सा संस्थानों में वृद्धजनों के लिए फिजियोथेरेपी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बुजुर्ग मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

दिखाई संवेदनशीलता
निरीक्षण के दौरान भरतपुर निवासी रोगी राखी के परिजनों के हाथ में पर्चा देखकर जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि रोगी को ब्लड की जरूरत है, लेकिन उनके किसी परिजन के पास एबी पॉजीटिव ब्लड उपलब्ध नहीं है। प्रमुख शासन सचिव ने संवेदनशीलता दिखाते हुये चिकित्सकों से ब्लड बैंक में उपलब्धता की जानकारी ली तथा त्वरित रूप से रोगी को ब्लड उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
जनाना अस्पताल का निरीक्षण
प्रमुख शासन सचिव ने जनाना अस्पताल के निरीक्षण के समय मा योजना के तहत सभी रोगियों को आईपीडी की सेवाएं उपलब्ध कराने, सफाई व्यवस्था एवं सुविधाओं में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाली प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें। उन्होंने नीकू-पीकू वार्ड का निरीक्षण कर नवजात शिशुओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मैन पावर एवं संसाधनों के लिये विभिन्न मदों का उपयोग कर आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जायें।
बजट घोषणाएं समय पर हों पूरी
प्रमुख शासन सचिव ने जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों आने वाले सभी रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें तथा पात्र व्यक्तियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ परदर्शिता से दिया जाए। उन्होंने बजट घोषणाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
समय-समय पर फीडबैक लेकर सुधार करें
उन्होंने कहा कि रोगी को सुविधाओं से संतुष्टि भी मिले इसके लिये चिकित्सा अधिकारी समय-समय पर फीडबैक लेकर सुधारात्मक कदम उठाएं। उपलब्ध मानव संसाधन का समुचित उपयोग हो। मेडिकल कॉलेज स्तर पर जो भी फैकल्टी के पद रिक्त हैं, उन्हें यूटीबी आधार पर भरने का प्रयास किया जाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त कोर्स एवं एक्सीलेंस सेंटर के लिये प्रस्ताव बनाने के निर्देश भी दिये।
अनावश्यक रूप से रोगी नहीं करें रेफर
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से अनावश्यक रूप से रोगी रैफर नहीं किये जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जो भी मरीज आ रहे हैं, वे किस बीमारी से ग्रसित हैं। इसका आकलन करते हुये संबंधित क्षेत्रों में विशेष कदम उठाकर लोगों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ दिलाएं।
ट्रोमा सेंटर के काम को गति दें
राठौड़ ने ट्रोमा सेंटर एवं जनाना अस्पताल के भवन के लिए लिये प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण किया तथा बजट घोषणा के अनुरूप आरएसआरडीसी से समन्वय कर कार्य को गति देने के निर्देश दिये। उन्हांेने अस्पतालों में उपलब्ध बैड से अधिक संख्या में ओपीडी-आईपीडी को देखते हुये चिकित्सा अधिकारियों को आपसी समन्वय से बेहतर कार्य करने, लाडो योजना का समय पर लाभ देने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. विवेक भारद्वाज, एडीएम राहुल सैनी, आरबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नगेन्द्र भदौरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



