खगड़िया। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार की रफ्तार तेज हो गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को लगातार दूसरे दिन चुनावी सभाओं में जुटे और खगड़िया में आयोजित रैली को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने का नहीं है, बल्कि यह तय करेगा कि बिहार में ‘जंगलराज’ लौटेगा या विकास का राज चलेगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आप अपने वोटों का इस्तेमाल सही जगह पर कीजिए। उन्होंने कहा कि आज हम पांच दल एकजुट होकर पांडव की तरह चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने इस गठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
राजद की सरकार आई तो उसके साथ जंगलराज भी आएगा : अमित शाह
शाह ने कहा कि अगर राजद की सरकार आई तो उसके साथ जंगलराज भी आएगा और अगर एनडीए की सरकार बनी तो ‘विकसित बिहार’ पूरे भारत में अपना डंका बजाएगा। उन्होंने राजद शासन काल की चर्चा करते हुए कहा कि उस दौर में अपहरण, हत्या, लूट और दुष्कर्म रोज की बात होती थी। आज राजद के नेता हत्या की बात कर रहे हैं, ऐसा लगता है कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।
मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार विकास, विरासत और सम्मान का प्रतीक बन चुका है। खगड़िया की जनसभा से लाइव… https://t.co/i2owVb5uEr
— Amit Shah (@AmitShah) October 25, 2025
उन्होंने कहा कि एनडीए की 20 साल की सरकार में एक भी बड़ा नरसंहार बिहार में नहीं हुआ। एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दी, परिवारवाद समाप्त किया और सबसे बड़ी बात, बिहार को नक्सलवाद से मुक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार विकास के इंजन से लैस होकर डबल इंजन के साथ विकास की राह पर है। उन्होंने कहा कि हम लोगों की नीति स्पष्ट है: स्कूल, कॉलेज में पढ़ाई, समय पर दवाई, खेतों में सिंचाई, और सभी घरों में पानी की सप्लाई। उन्होंने महागठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि वहां सिर्फ दो चीजें हैं: भ्रष्टाचार और परिवारवाद।
उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार के ऊपर जहां चार आने के घोटाले का भी आरोप नहीं है, जबकि लालू यादव ने चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला सहित कई घोटाले किए। उन्होंने घुसपैठियों की चर्चा करते हुए उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या बिहार से घुसपैठियों को भगा देना है या नहीं? सभी लोगों ने हाँ में जवाब दिया। इस क्रम में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया।




