Thursday, April 2, 2026
HomePush Notificationयुवा शक्ति से साकार होगा ‘विकसित भारत’ का सपना, माय भारत प्लेटफॉर्म...

युवा शक्ति से साकार होगा ‘विकसित भारत’ का सपना, माय भारत प्लेटफॉर्म से जुड़े 17 लाख से अधिक युवा : सीएम भजनलाल शर्मा

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम है। माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। राजस्थान में इस प्लेटफॉर्म पर 17 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कौशल विकास, रोजगार और नशा मुक्ति से जुड़ी गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए।

Rajasthan Youth Employment Scheme : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम है। प्रधानमंत्री की मंशा है कि युवाओं की ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म देश की युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उनकी प्रतिभा को अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत प्रदेश में संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में माय भारत से जुड़ी गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए नशा मुक्ति से जुड़ी गतिविधियां भी चलाने पर जोर दिया। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, सोलर और पेट्रोकेमिकल्स जैसे कई क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को इन क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने में यह प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध डेटा के आधार पर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राजस्थान का युवा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नशा मुक्ति, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से ‘फिट राजस्थान, हिट राजस्थान’ के विजन को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाए।

योजनाओं से युवा और महिलाएं हो रही सशक्त

शर्मा ने कहा कि राजस्थान युवा नीति-2026 के माध्यम से प्रदेश सरकार ने युवाओं के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है, ताकि उद्यमिता को बढ़ावा मिले और युवा रोजगार प्रदाता भी बने। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, मा वाउचर योजना, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। 

भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध रूप से आयोजित

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पेपरलीक और भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं से युवाओं के सपनों पर कुठाराघात हुआ। अब भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध रूप से आयोजित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पांच साल में 4 लाख सरकारी नौकरी के लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा 1 लाख से ज्यादा पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है।

युवाओं को सरकार से जोड़ने का सशक्त डिजिटल माध्यम

बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से केन्द्र सरकार के अधिकारियों ने बताया कि माय भारत प्लेटफॉर्म युवाओं को सरकार से सीधे जोड़ने का सशक्त डिजिटल माध्यम है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत युवा कनेक्ट, विकसित भारत पद यात्राएं, नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत, यंग प्रोफेशनल राउंडटेबल और माय भारत बजट क्वेस्ट जैसे विभिन्न कैम्पेन और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा अधिक से अधिक जुड़ रहे हैं, जिससे विकसित भारत के विजन को गति मिली है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश से बने विकसित भारत यंग लीडर्स से संवाद भी किया। बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित केन्द्र व राज्य सरकार के अधिकारीगण एवं यंग लीडर्स उपस्थित रहे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular