Ashwini Kumar Arrest : मुंबई। मुंबई पुलिस ने धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में नोएडा से 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार संदेश में दावा किया गया था कि 14 आतंकवादी विस्फोट करने के लिए 400 किलोग्राम आरडीएक्स लेकर शहर में घुस गए हैं। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा ने धमकी भरा संदेश मिलने के 24 घंटे के अंदर आरोपी अश्विनीकुमार सुप्रा को उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-79 में स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
400 किलोग्राम आरडीएक्स लेकर मुंबई में घुसा था
अधिकारी ने बताया कि यह संदेश बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर प्राप्त हुआ था, जिसे भेजने वाले ने दावा किया था कि 14 आतंकवादी 400 किलोग्राम आरडीएक्स लेकर शहर में घुस गए हैं और शहर को उड़ाने के लिए इस आरडीएक्स को 34 वाहनों में रख दिया है। गणेश उत्सव के मद्देनजर शहर की पुलिस पहले ही सतर्क थी। उन्होंने बताया कि वर्ली थाने में मामला दर्ज किया गया और अपराध शाखा ने जांच का जिम्मा संभाल लिया है।

अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा को पता चला कि संदेश गौतमबुद्ध नगर में किसी मोबाइल से भेजा गया है जिसके बाद पुलिस की एक टीम नोएडा गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है और बाद में उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि इस फर्जी धमकी के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।
मुंबई में हाई अलर्ट जारी किया गया
आतंकी धमकी का समय भी चिंताजनक था, क्योंकि यह मुंबई में गणेश विसर्जन समारोह से एक दिन पहले आया था। धमकी भरे संदेश के बाद शुक्रवार को शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अश्विनी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के अनुसार, उसने अपने दोस्त फिरोज को फंसाने के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस को आतंकी धमकी भरा संदेश भेजा था।
बदला लेने के लिए दी धमकी
पटना के फुलवारी शरीफ में वर्ष 2023 में फिरोज की ओर से दर्ज कराए गए एक मामले में गिरफ्तारी के बाद अश्विनी को तीन महीने जेल में बिताने पड़े। इसका बदला लेने के लिए, अश्विनी ने फिरोज के नाम से मुंबई में एक धमकी भरा व्हाट्सएप मैसेज भेजा। अश्विनी के पास से 7 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, 1 सिम स्लॉट एक्सटर्नल, 2 डिजिटल कार्ड, 4 सिम कार्ड होल्डर और 1 मेमोरी कार्ड होल्डर बरामद किया गया।