Tejas Fighter Jet Crash: भारतीय वायु सेना (IAF) का एक और तेजस लड़ाकू विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना इस महीने की शुरुआत में उस समय हुई जब तेजस विमान प्रशिक्षण उड़ान भरने के बाद बेस पर लौट रहा था. इस दौरान फाइटर जेट फॉरवर्ड एयरबेस पर रनवे से आगे निकल गया. सूत्रों के अनुसार यह हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ. हादसे में फाइटर जेट का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही की विमान का पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया.
IAF ने सभी 30 विमान को किया ग्राउंड
7 फरवरी को हुई इस दुर्घटना पर भारतीय वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना ने व्यापक तकनीकी जांच करने के लिए लगभग 30 ‘सिंगल-सीट’ तेजस जेट विमानों के पूरे बेड़े को फिलहाल उड़ान भरने से रोक दिया है.
तेजस से जुड़ी यह तीसरी दुर्घटना
बता दें कि तेजस जेट से जुड़ी यह तीसरी दुर्घटना थी. पहली दुर्घटना मार्च 2024 में हुई थी, जब जैसलमेर के पास एक तेजस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. दूसरी घटना नवंबर 2025 में हुई, जब दुबई एयरशो में हवाई प्रदर्शन के दौरान एक तेजस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया.




