T20 World Cup 2026 : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दुनिया की नंबर-वन टीम ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम लीग राउंड से ही बाहर हो गई है। मंगलवार को कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम और आयरलैंड क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिसके साथ ही जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गई।
ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 8 विकेट से हराया था, जबकि जिम्बाब्वे ने भी उसे 23 रन से शिकस्त दी थी। अब मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम ओमान के खिलाफ आखिरी मैच जीत भी ले, तो भी अगले दौर में नहीं पहुंच पाएगी। टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह दूसरा मौका है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। इससे पहले 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में भी टीम लीग चरण पार नहीं कर सकी थी।

ऑस्ट्रेलिया कैसे हुआ बाहर?
ग्रुप-बी में श्रीलंका क्रिकेट टीम 6 अंक और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम 5 अंकों के साथ सुपर-8 में पहुंच चुकी हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अपना आखिरी मुकाबला जीतकर भी अधिकतम 4 अंक तक ही पहुंच सकती है। चूंकि हर ग्रुप से सिर्फ दो टीमें ही अगले दौर में जाती हैं, इसलिए कंगारुओं का सफर लीग चरण में ही खत्म हो गया।

जिम्बाब्वे को मिला डबल फायदा
सुपर-8 में जगह बनाने के साथ ही जिम्बाब्वे ने 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी सीधा क्वालिफाई कर लिया है। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक टॉप-8 टीमें और मेजबान देश अगले विश्व कप में सीधे प्रवेश पाते हैं, जबकि बाकी टीमों को क्वालिफायर खेलना पड़ता है।




