जयपुर। शहर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में छह बदमाशों ने दो युवकों पर तलवारों और डंडों से हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। जान बचाने के लिए युवकों को पास के एक घर में शरण लेनी पड़ी। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
दो बाइकों पर सवार होकर किया पीछा
पुलिस के अनुसार वारदात 23 फरवरी की है। वायरल वीडियो में बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर युवकों का पीछा करते नजर आ रहे हैं। मौका मिलते ही आरोपियों ने तलवार और डंडों से हमला कर दिया। आसपास के लोग जुटते, उससे पहले ही हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान
भट्टा बस्ती थाना प्रभारी दीपक त्यागी ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। हालांकि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आपसी रंजिश का मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हैं और विवाद आपसी रंजिश व पुरानी कहासुनी से संबंधित है। अन्य आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




