Jaipur Air Show: भारतीय वायुसेना की मशहूर ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक’ और सारंग हेलीकॉप्टर टीम 20 और 22 फरवरी को यहां जल महल के ऊपर ‘एयर शो’ करेगी. राजस्थान सरकार के साथ मिलकर आयोजित किए जा रहे इस शो में ये टीम लोगों के सामने हवाई कौशल, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का अद्भुत प्रदर्शन करेंगी. इन दोनों टीम के सदस्यों ने गुरुवार को यहां NCC कैडेट और दूसरे विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें वायुसेना व दूसरे रक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया.

सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम देश विदेश में कर चुकी प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम में 9 हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं। ये 5 मीटर से भी कम दूरी पर बेहद करीबी गठन में उड़ान भरते हैं. टीम ने देश विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन किए हैं और चीन, श्रीलंका, म्यांमा, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता का प्रतिनिधित्व किया है.

इसमें जयपुर और राज्य के दूसरे हिस्सों से 3 पायलट शामिल होंगे जिनमें सीकर के रहने वाले विंग कमांडर राजेश काजला भी हैं. यहां संवाद सत्र में राजेश ने कहा, ‘शो का मकसद युवा विद्यार्थियों को वायुसेना के प्रति प्रोत्साहित करना है.’
हैरतअंगेज कालाबाजी के दुनियाभर में जानी जाती है टीम सारंग
‘सारंग’ टीम ने अपनी विशिष्ट समन्वित कलाबाजियों से दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है. टीम ने वर्ष 2004 में सिंगापुर में एशियन एयरोस्पेस शो में अंतरराष्ट्रीय मंच पर डेब्यू किया और तब से अब तक विश्व के 390 से अधिक स्थानों पर 1,200 से ज्यादा प्रदर्शन कर चुकी है. सारंग टीम स्वदेशी रूप से निर्मित ‘ध्रुव’ एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) पर उड़ान भरती है.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की थी. इस शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है. मिली जानकारी के अनुसार शो को निशुल्क देखा जा सकता है लेकिन इसके लिए राजस्थान SSO पोर्टल के ज़रिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।




