Monday, February 9, 2026
HomePush NotificationSuryakumar Yadav Captaincy : टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्या को लेकर गौतम गंभीर...

Suryakumar Yadav Captaincy : टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्या को लेकर गौतम गंभीर का बड़ा बयान, संयमित कप्तानी ने मेरा काम आसान कर दिया

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार यादव की संयमित कप्तानी की सराहना की है। गंभीर ने कहा कि सूर्यकुमार का शांत स्वभाव और सही फैसले लेने की क्षमता उनके लिए कोच के तौर पर काम आसान बनाती है। आक्रामक बल्लेबाज होने के बावजूद वह दबाव में टीम को संभालते हैं और नेतृत्व की हर कसौटी पर खरे उतरते हैं।

Suryakumar Yadav Captaincy : नई दिल्ली। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की ‘संयमित नेतृत्व क्षमता’ की तारीफ करते हुए कहा कि टी20 प्रारूप में कप्तान के तौर पर वह सभी कसौटी पर खरे उतरते हैं और इससे उनका दबाव भरा काम थोड़ा आसान हो जाता है। स्टार स्पोर्ट्स द्वारा साझा किए गए एक छोटे वीडियो में गंभीर ने कहा कि मौजूदा टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार जैसे आक्रामक बल्लेबाज का कप्तान होना भारत के लिए सौभाग्य की बात है। इस वीडियो में यह नहीं पता चल रहा है कि गंभीर ने यह बयान कब दिया है।

टी20 विश्व कप में सूर्या की कप्तानी बनी टीम इंडिया की ताकत

गंभीर ने कहा, सूर्यकुमार ने इस प्रारूप में मेरा काम बहुत आसान कर दिया है। वह लोगों के लिए एक बेहतरीन कप्तान हैं, यह सिर्फ इसलिए नहीं कि वह मैदान पर क्या करते हैं, या बल्लेबाज के रूप में कैसे हैं, या उनके शॉट्स इस प्रारूप में कैसे हैं। उन्होंने कहा, कोच के तौर पर कभी-कभी आपके दिमाग में कई बातें चल रही होती हैं, लेकिन जब आप जानते हैं कि सूर्यकुमार माहौल को शांत बनाए रखेंगे, जैसा किसी भी कोच का सपना होता है, तो बहुत कुछ आसान हो जाता है।

भारत ने सूर्यकुमार की शानदार बल्लेबाजी के बूते शनिवार को विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में अमेरिका को हराया। भारतीय कप्तान ने एक छोर से विकेटों के पतझड़ के बीच 49 गेंदों में नाबाद 84 रन के साथ पारी को संभाला था। भारतीय टीम बृहस्पतिवार को अब यहां नामीबिया के खिलाफ खेलेगी।

टी20 में सूर्या का शांत नेतृत्व, गौतम गंभीर ने की खुलकर तारीफ

गंभीर ने कहा, मेरे लिए खिलाड़ी सूर्यकुमार को अलग रखा जा सकता है, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार के तौर पर उन्होंने हर कसौटी पर खरा उतरकर मेरी जिंदगी बहुत आसान बना दी है। वह वास्तव में एक शानदार नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने कहा, यह बहुत अच्छा है कि देश का नेतृत्व उनके जैसे खिलाड़ी के हाथ में है, क्योंकि उनका दिल सही जगह पर है और दबाव में वह सही निर्णय लेते हैं। पैंतीस साल के सूर्यकुमार यादव दो साल पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। रोहित के इस प्रारूप से संन्यास के बाद उन्हें टीम की कमान सौंपी गयी।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular