Rajasthan SI Exam 2026 : जयपुर। राजस्थान सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने परीक्षा को स्थगित करने की मांग को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 और 6 अप्रैल 2026 को ही आयोजित की जाएगी।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि परीक्षा पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं बनता। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं और उनके समान स्थिति वाले अभ्यर्थियों को राहत देते हुए परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है।
लेकिन इस अनुमति के साथ एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि ऐसे अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किया जाएगा। उनकी परीक्षा में भागीदारी पूरी तरह से अस्थायी यानी प्रोविजनल मानी जाएगी और आगे आने वाले आदेशों पर निर्भर रहेगी। साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की कानूनी बढ़त या समानता का लाभ नहीं मिलेगा।
यह मामला 2021 के पेपर लीक प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसकी सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में अभी भी जारी है। अभ्यर्थियों की मांग थी कि जब तक आयु सीमा में छूट को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक नई भर्ती परीक्षा नहीं कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि इससे उम्मीदवारों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
अभ्यर्थियों के वकीलों ने कोर्ट में दलील दी कि हाईकोर्ट को 31 मार्च तक इस मुद्दे पर फैसला देना था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं आया है। वहीं, राज्य सरकार की ओर से परीक्षा स्थगित करने का विरोध किया गया। सरकार का कहना था कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और परीक्षा टालने से अव्यवस्था फैल सकती है।



