Saturday, July 6, 2024
Homeताजा खबरजयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या,...

जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे

जयपुर। शहर के श्यामनगर थाना इलाके में सोमवार दोपहर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े स्कूटी सवार बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं। फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के दौरान 2 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। जयपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जोसेफ जॉर्ज ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए चारों तरफ नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर रही है। सुखदेव सिंह पर फायरिंग की सूचना मिलते ही समूचे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के अलावा आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में पुलिस का भारी जाब्ता तैनात कर दिया गया।

घर के बाहर दोपहर 1.45 पर मारी गोली, इलाके में फैली दहशत

पुलिस के अनुसार श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर फायरिंग की गई थी। दोपहर करीब 1:45 बजे गोगामेड़ी घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान स्कूटी पर दो बदमाश आए। बदमाशों ने गोगामेड़ी पर दो राउंड फायर किए। फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर श्याम नगर पुलिस मौके पर पहुंची। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को चार गोलियां मारी गईं। गोली उनके श्याम नगर स्थित उनके आवास पर मारी गईं। क्षेत्र में हालात को संभालने के लिए वहां भी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सुखदेव सिंह पर गोलियां किन लोगों ने चलाई है इसका भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया।

लॉरेस विश्नोई गैंग ने दी थी हत्या की धमकी

बताया जा रहा है कि लॉरेस विश्नोई गैंग के गुर्गे संपत नेहरा से सुखदेव सिंह को पहले धमकी मिली थी. धमकी मिलने के बाद सुखदेव ने जयपुर पुलिस को एक लिखित शिकायत दी थी. जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने सुखदेव सिंह को दो गोलियां मारी हैं.

अजीत सिंह पर भी हमला, गंभीर रूप से हुए घायल

सुखदेव सिंह पर फायरिंग के दौरान वहां मौजूद अजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर, फायरिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सभी प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी करवाई गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस की लापरवाही आई सामने, नहीं मुहैया कराई सुरक्षा

बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी पिछले काफी समय से सुरक्षा की मांग कर रहे थे। उन्हें पाकिस्तान से भी धमकियां मिली थीं। सुखदेव सिंह को गोली मारने के बाद इसकी सूचना पूरे प्रदेश में आग की तरह फैल गई। हालात को देखते हुए पूरे जयपुर शहर में पुलिस हाई अलर्ट मोड पर आ गई। वहीं प्रदेश के अन्य इलाकों में भी अलर्ट कर दिया गया। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

गोगामेड़ी ने अलग संगठन बना लिया था

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े हैं। उन्होंने करणी सेना संगठन में काफी समय पहले हुए विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। गोगामेड़ी उसके अध्यक्ष हैं। वे फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद राजस्थान में हुए विरोध प्रदर्शन से खासा चर्चा में आए थे। इन मसलों को लेकर उनके कई वीडियो भी वायरल हुए थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments